
हाई-टेक सुरक्षा फीचर्स से लैस होंगी MP की नई बसें: नशे में ड्राइवर तो स्टार्ट नहीं होगी गाड़ी, झपकी आने पर बजेगा अलार्म
इंदौर (यशभारत डॉट कॉम)। मध्यप्रदेश में सार्वजनिक परिवहन को सुरक्षित और आधुनिक बनाने की दिशा में एक बड़ी पहल की गई है। इंदौर के ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में आयोजित ‘यात्री परिवहन विजन समिट-2026’ के दौरान ‘मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा’ के तहत चलने वाली अत्याधुनिक बसों का प्रदर्शन किया गया। यह बस सेवा 25 सितंबर से प्रदेश भर में शुरू होने जा रही है।
दुर्घटनाओं को रोकने और यात्रियों के सफर को आरामदायक बनाने के लिए इन बसों में कई एआई-आधारित (AI) तकनीक और हाई-टेक सुरक्षा सेंसर लगाए गए हैं।
नशे में ड्राइवर तो नहीं होगी स्टार्ट, झपकी पर अलर्ट
-
ब्रीथ एनालाइजर (Breath Analyzer): बस चालू करने से पहले ड्राइवर को अपनी सीट पर लगे ब्रीथ एनालाइजर में फूंक मारनी होगी। यदि चालक शराब के नशे में पाया जाता है, तो बस का इंजन स्टार्ट ही नहीं होगा।
-
एंटी-स्लीप एवं लेन अलर्ट: गाड़ी चलाते समय यदि ड्राइवर को झपकी आती है या बस अपनी लेन से भटकती/लहराती है, तो सेंसर तुरंत अलार्म बजाकर ड्राइवर को सचेत कर देगा।
-
गति सीमा 80 किमी/घंटा: बसों की अधिकतम रफ्तार 80 किलोमीटर प्रति घंटा तय की गई है, जिससे ओवरस्पीडिंग से होने वाले हादसों पर रोक लगेगी।
-
सराउंड व पार्किंग सेंसर: बस के आगे-पीछे करीब 1.5 मीटर के दायरे में किसी अन्य वाहन के आते ही ड्राइवर को अलर्ट मिलेगा। इसके अलावा सुरक्षित रिवर्स पार्किंग के लिए भी सेंसर दिए गए हैं।
अग्निरोधी बॉडी और ऑनलाइन टिकटिंग
बसों के निर्माण में अग्निरोधी (Fireproof) प्लाइवुड का इस्तेमाल किया गया है। बैटरी कंपार्टमेंट के पास केमिकल-पानी छिड़काव और फायर एक्सटिंग्विशर की विशेष व्यवस्था की गई है। यात्रियों की निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे और इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम को हैकिंग से बचाने के लिए साइबर सुरक्षा गेटवे लगाया गया है। यात्रियों को अब बसों के टिकट ऑनलाइन भी उपलब्ध होंगे।
25 सितंबर से 23 रूटों पर शुरुआत
25 सितंबर से इंदौर के 23 प्रमुख मार्गों सहित प्रदेश के अन्य शहरों (सागर, ग्वालियर, जबलपुर, रीवा, छतरपुर, नर्मदापुरम आदि) के लिए इन बसों का संचालन शुरू किया जाएगा। मध्य प्रदेश सरकार का लक्ष्य वर्ष 2030 तक प्रदेश के 169 शहरों में 38,000 नई और आधुनिक बसों का नेटवर्क तैयार करना है। हाई-टेक सुरक्षा फीचर्स से लैस होंगी MP की नई बसें: नशे में ड्राइवर तो स्टार्ट नहीं होगी गाड़ी, झपकी आने पर बजेगा अलार्म








