14 सितंबर को हरतालिका तीज: जानिए निर्जला व्रत के नियम और पूजन सामग्री की पूरी सूची

14 सितंबर को हरतालिका तीज: जानिए निर्जला व्रत के नियम और पूजन सामग्री की पूरी सूची
नई दिल्ली (यशभारत डॉट कॉम)। सुहागिन महिलाओं का सबसे बड़ा और पवित्र त्योहार हरतालिका तीज इस बार 14 सितंबर 2026 को मनाया जाएगा। भाद्रपद माह के शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि को रखा जाने वाला यह पर्व इस वर्ष गणेश चतुर्थी के विशेष संयोग के साथ आ रहा है। इस दिन महिलाएं अपने पति की लंबी आयु, आरोग्य और अखंड सौभाग्य के लिए निर्जला (बिना अन्न और जल ग्रहण किए) व्रत रखकर भगवान शिव, माता पार्वती और भगवान गणेश की विधि-विधान से पूजा-अर्चना करती हैं।
हरतालिका तीज पूजन सामग्री लिस्ट
तीज की पूजा के लिए आवश्यक प्रमुख सामग्रियों की सूची इस प्रकार है:
-
प्रतिमा व मंडप: बालू या शुद्ध मिट्टी से बनी भगवान शिव, माता पार्वती और श्री गणेश की प्रतिमाएं, मंडप के लिए केले के पत्ते और पूजा के लिए लकड़ी की चौकी या आसन।
-
सुहाग सामग्री: लाल चुनरी, सिन्दूर, बिंदी, चूड़ियां, आलता, मेहंदी, कुमकुम, काजल, कंघी, बिछिया, पायल और अन्य श्रृंगार वस्तुएं।
-
पूजन एवं अभिषेक सामग्री: कलश, गंगाजल, पंचामृत (दूध, दही, शहद, शक्कर, घी), रोली, अक्षत (चावल), हल्दी की गांठें, चंदन, मौली, कच्चा सूत, दूर्वा घास, बेलपत्र, शमी पत्र और नारियल।
-
दीपक व प्रसाद: घी का दीपक, धूपबत्ती/अगरबत्ती, कपूर, माचिस, रुई, फूल व माला, पान के पत्ते, सुपारी, फल-मिठाइयां, भिगोए हुए चने, खीर और हलवा।
हरतालिका तीज व्रत के प्रमुख नियम
-
निर्जला व्रत: यह व्रत पूरी तरह से निर्जला रखा जाता है, जिसमें महिलाएं पूरे दिन और रात अन्न व जल का त्याग करती हैं।
-
पारन का समय: व्रत का पारन अगले दिन सूर्योदय के पश्चात पूजा-अर्चना के बाद ही किया जाता है।
-
अखंड परंपरा: शास्त्रों के अनुसार, हरतालिका तीज का व्रत एक बार शुरू करने के बाद बीच में नहीं छोड़ा जाता, इसे हर वर्ष नियमपूर्वक करना होता है।
-
रात्रि जागरण: इस व्रत में रात्रि जागरण का विशेष महत्व है, जहाँ महिलाएं रातभर भजन-कीर्तन कर प्रभु की आराधना करती हैं।
-
कथा व विसर्जन: पूजा के दौरान हरतालिका तीज की व्रत कथा सुनना अनिवार्य माना जाता है। पूजा संपन्न होने के बाद मिट्टी की प्रतिमाओं का आदरपूर्वक विसर्जन किया जाता है। 14 सितंबर को हरतालिका तीज: जानिए निर्जला व्रत के नियम और पूजन सामग्री की पूरी सूची








