सड़क बनाने के लिए बीच जंगल से खोद डाली सैकड़ो डम्पर मुरम

जबलपुर नगर प्रतिनिधि। बेलखेड़ा क्षेत्र से अवैध खनन की बाते तो जब तब सामने आती रही है। लेकिन इस बार तो बीच जंगल में ही खदान बना दी गई। मामला बेलखेड़ा से सटे आमाखोह का है, जहां जंगल में आठ किलोमीटर अंदर मुरम की अवैध खदान तैयार हो रही है। जहां से सैकड़ो डम्पर अवैध मुरम धरती का सीना चीरकर निकाल ली गई। साथ ही बड़ी संख्या में जंगल को भी नुकसान पहुंचाया गया। इस पूरे कारनामें का आरोप लग रहा है भारतीय जनता पार्टी के ही एक नेता मोती श्रीपाल पर जो भाजपा के वरिष्ठ सदस्य बताये जा रहे है। जिनका छोटा भाई राजेश श्रीपाल भाजपा के चरगंवा मंडल में महामंत्री के पद पर है। साथ ही मोती श्रीपाल का बेटा मनीष श्रीपाल भारतीय जनता पार्टी मुख्यमंत्री जनकल्याण प्रकोष्ठ का जिला सह संयोजक है।
सड़क बनाने खनन
मोती श्रीपाल और उनका भाई राजेश श्रीपाल सरकारी ठेकेदार है। जिन्होनें क्षेत्र में कई निर्माणकार्य करें। हांल ही में उनके द्वारा बेलखेड़ा क्षेत्र में तीन सड़कों का निर्माण किया जा रहा है। जिसमें मुरम का उपयोग हो रहा है। जिसके लिए इन्होनें आमाखोह से अंदर जंगल में अवैध तरीके से मुरम निकाली है। जबकि सरकार द्वारा इन्हें सड़क बनाने के लिए नियमानुसार पैसा दिया जा रहा है। जिसे डकारकर उन्होनें मुरम के लिए बीच जंगल में खदान खोद डाली। श्रीपाल को कटाव से खैरी, कटाव से आमाखोह, मेरेगांव से मातापुर तक की तीन सड़कों का निर्माण करना है जिसके लिए सरकार द्वारी तीन करोड़ चालीस लाख की राशि स्वीकृत की गई है।
वन विभाग खामोश
इस पूरे मामले में वन विभाग की कार्यप्रणाली पर भी प्रश्नचिन्ह लग रहे है। जहां से खनन किया गया, वह पूरा क्षेत्र वन विभाग का है जो जंगल के बीच में लगभग आठ-दस किलीमीटर अंदर है जहां से बड़ी संख्या मे पहले तो पेड़ो को काटा गया। उसके बाद सैकड़ो डम्पर मुरम निकाल ली गई। इसके बाद भी वन विभाग खामोश है यह खेल लंबे समय से चल रहा है। सभी को इसकी जानकारी है लेकिन किसी ने कोई कार्यवाही नहीं की।
किसका है संरक्षण
जबकि मुख्यमंत्री पर्यावरण संरक्षण को लेकर राष्ट्रव्यापी मुहिम चला रहे है ऐसे में उनकी ही पार्टी से जुड़े पदाधिकारी व उनका परिवार धड़ल्ले से इस तरह के कामों को अंजाम दे रहा है। ऐसे में यह सवाल उठना लाजमी है कि कौन इन्हें संरक्षण दे रहा है। प्रारंभिक जानकारी में क्षेत्र के ही कुछ बड़े व शक्तिशाली भाजपा नेताओं के नाम सामने आ रहे है। जिनका इस काम को लेकर श्रीपाल परिवार को पूरा संरक्षण मिला हुआ है।
सामने आया वीडियों
इस पूरे घटनाक्रम के बीच युवा कांग्रेस के प्रदेश सचिव अभय सिंह ने एक वीडियो भी जारी किया है। जिसमें साफ देखा जा सकता है कि किस तरह से जंगल के बीचो-बीच जेसीबी के माध्यम से खनन कार्य चल रहा है। इस वीडियों को जारी करते हुए। अभय सिंह ने बताया कि शासन और प्रशासन की नाक के नीचे किस तरह से खुले आम खनन हो रहा है और दूसरी तरफ मुख्यमंत्री सरंक्षण की बाते कर रहे है।

हमारे द्वारा वहां पर सड़क निर्माण का कार्य किया जा रहा है जिसके लिए हमने आस-पास के क्षेत्रों से मुरम निकाली है। जो सड़क निर्माण में लगाई गई है।
मोती श्रीपाल
भाजपा नेता व ठेकेदार
श्रीपाल परिवार भाजपा से जुड़ा हुआ है उनका परिवार पार्टी के प्रति समर्पित है अब वे क्या व्यापार करते है या फिर कैसे करते है मुझे जानकारी नहीं है।
शिव पटेल
अध्यक्ष भाजपा ग्रामीण
इस विषय की जानकारी विभाग के पास आई थी। मौके पर जाकर जांच की गई और खनन कार्य बंद करवाया गया।
राजेन्द्र गढ़वाल
डिप्टी रेंजर, बेलखेड़ा

Exit mobile version