Tuesday, May 26, 2026
Latest:
Latest

सोशल मीडिया पर पोस्ट किया लॉकडाउन का फर्जी सरकारी आदेश, हो गई गिरफ्तारी

देश में कोरोना के मामलों ने एक बार फिर से रफ्तार पकड़ ली है। ऐसे में देश के अलग-अलग हिस्सों में कोरोना के बढ़ते मामलों के मद्देनजर लगाई जा रही पाबंदियों के बीच अफवाहों का बाजार भी तेज हो चला है।

सोशल मीडिया पर लॉकडाउन लगने संबंधी कई गलत सूचनाएं तेजी से वायरल हो रही हैं। इसी बीच तेलंगाना में कोविड-19 के प्रसार को रोकने के लिए लॉकडाउन लगाए जाने का दावा करने वाला एक फर्जी सरकारी आदेश तैयार करने और उसे सोशल मीडिया के जरिए प्रसारित करने के आरोप में एक चार्टर्ड एकउंटेंट (सीए) को गिरफ्तार कर लिया गया है।

शहर के पुलिस आयुक्त अंजनि कुमार ने संवाददाताओं को बताया कि आरोपी ने एक अप्रैल, 2021 को तेलंगाना के मुख्य सचिव के नाम से फर्जी सरकारी आदेश तैयार करके उसे व्हाट्सऐप ग्रुपों में डाल दिया। मुख्य सचिव सोमेश कुमार ने ऐसा कोई सरकारी आदेश जारी करने से इनकार किया था।

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने चार दिन पहले अपने लैपटॉप पर कोविड-19, महामारी रोग अधिनियम के तहत जारी किये गये पिछले लॉकडाउन संबंधी सरकारी आदेश को डाउनलोड किया।

पुलिस के मुताबिक, बाद में उसने उसमें लॉकडाउन की तारीखें बदलकर 2021 की तारीखें कर दीं और उसे अपने व्हाट्सऐप ग्रुप में डाल दिया। तब उस ग्रुप के सदस्यों ने अन्य व्हाट्सएप ग्रुपों के माध्यम से अपने ज्ञात और अज्ञात व्यक्तियों तक इस सरकारी आदेश को पहुंचा दिया, जिससे लोगों में घबराहट पैदा हो गयी।

बाद में पुलिस ने मामला दर्ज किया और जांच के दौरान सीए को गिरफ्तार किया, साथ ही उसके पास से एक लैपटॉप और फोन भी जब्त किया गया है।

Ashutosh Shukla

30 वर्षों से सकारात्मक पत्रकारिता का अनुभव