सुषमा, सोनिया से मुलायम तक; अमरिंदर ने फिर फोड़ा फोटो बम, पूछा- क्या इन सबके ISI से संबंध हैं?
अमरिंदर ने सवाल किया कि क्या तस्वीर में मौजूद हर व्यक्ति के पाक खुफिया एजेंसी आईएसआई से संबंध हैं? उन्होंने दावा किया कि अगर भारत और पाकिस्तान के बीच वीजा पाबंदियां नहीं होतीं तो वह आरूसा को एक बार फिर भारत आमंत्रित करते। मालूम हो कि पंजाब कांग्रेस आरूसा से दोस्ती को लेकर अमरिंदर पर हमलावर है। पंजाब के उपमुख्यमंत्री सुखजिंदर रंधावा ने बीते हफ्ते कहा था कि राज्य सरकार आईएसआई से आरूसा के रिश्तों की पड़ताल करेगी।
सोमवार को कैप्टन अमरिंदर ने अपने फेसबुक पेज पर आरूसा आलम की 14 तस्वीरें साझा कीं, जिसमें उन्हें सोनिया गांधी, सुषमा स्वराज, मुलायम सिंह यादव, अमर सिंह, अश्विनी कुमार, यशवंत सिन्हा, शत्रुघ्न सिन्हा, महेश भट्ट, श्याम सरन और पूर्व सेना अधिकारी जगजीत सिंह अरोड़ा सहित अन्य के साथ देखा जा सकता है।
कैप्टन अमरिंदर अपने फेसबुक पोस्ट में लिखा- मैं विभिन्नय गणमान्य व्यक्तियों के साथ आरूसा आलम की कई फोटो शेयर कर रहा हूं। मुझे लगता है कि वह सारे भी ISI के कॉटैक्ट्स ( एजेंट) हैं।
ऐसा कहने वालों को बोलने से पहले सोचना चाहिए। दुर्भाग्य से भारत और पाकिस्तान के बीच इस समय वीजा पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। नहीं तो मैं उन्हें फिर से आमंत्रित करता। संयोग से मैं मार्च में 80 होने जा रहा हूं और अगले साल आरूसी आलम 69 होने जा रही हैं।’

