सुशांत मौत मामले में नया ड्रग्स कनेक्शन, एम्बुलेंस ड्राइवर भी संदिग्ध
मुंबई। सुशांत सिंह राजपूत मामले में मंगलवार को एक नया खुलासा हुआ। जिसके मुताबिक अभिनेता की मौत के बाद उनके तथाकथित दोस्त संदीप सिंह और उनके शव को ले जाने वाली एंबुलेंस के ड्राइवर के बीच चार बार बात हुई थी। हालांकि जब इस बारे में उस ड्राइवर से पूछा गया तो उसने ऐसी किसी बातचीत से इनकार किया।
यही नहीं अब इस मामले में नारकोटिक्स विभाग भी जांच में लग गया है। मीडिया खबरों के अनुसार रिया सहित 3- 4 लोगों का ड्रग्स कनेक्शन सामने आया है। इसे लेकर भाजपा नेता सुब्रमण्यम स्वामी भी आरोप लगा चुके हैं।
ये नया खुलासा एक समाचार चैनल ने संदीप सिंह के मोबाइल की कॉल डिटेल रिपोर्ट के आधार पर किया। जिसके मुताबिक सुशांत की मौत वाले दिन यानी 14 जून से 16 जून के बीच संदीप सिंह और एंबुलेंस के ड्राइवर अक्षय बांडगर के बीच चार बार बातचीत हुई थी।
तीन बार ड्राइवर ने कॉल किया था
सीडीआर रिपोर्ट के मुताबिक तीन बार अक्षय ने संदीप को कॉल किया था, वहीं संदीप ने एक बार अक्षय को कॉल किया था। इनमें से तीन बार बात 14 जून यानी सुशांत की मौत वाले दिन हुई थी, वहीं एक बार बात 16 जून को हुई थी।
ड्राइवर बोला- मैं किसी संदीप सिंह को नहीं जानता
कॉल डिटेल्स सामने आने के बाद जब रिपब्लिक टीवी चैनल ने इस बारे में एंबुलेंस ड्राइवर का पक्ष जानने के लिए उसे फोन लगाया तो उसने संदीप सिंह से किसी भी तरह की बात होने से इनकार कर दिया। उसने ये तक कहा कि वो किसी संदीप सिंह नाम के शख्स को जानता तक नहीं है। उसने बताया कि 14 जून को उसे पुलिस ने वहां बुलाया था।
संदीप और अक्षय के बीच हुई बातचीत
पहला कॉल- 14 जून शाम 6.40 बजे (अक्षय to संदीप) 48 सेकंड
दूसरा कॉल- 14 जून शाम 7.57 बज (अक्षय to संदीप) 51 सेकंड
तीसरा कॉल- 14 जून रात 9.59 बजे (संदीप to अक्षय) 104 सेकंड
चौथा कॉल- 16 जून (अक्षय to संदीप) (24 सेकंड)
सुब्रमण्यम स्वामी बोले- संदीप से पूछताछ हो
मंगलवार दोपहर भाजपा नेता और राज्यसभा सांसद सुब्रमण्यम स्वामी ने एक ट्वीट करते हुए कहा कि ‘संदिग्ध संदीप सिंह से पूछताछ होना चाहिए कि वो दुबई कितनी बार और क्यों गया था?’

