सीवर के लिए खोदी नाली में घुसा ट्रक, कावसजी वार्ड की एंबुलैंस रोड में घटना

कटनी। शहर के कावसजी वार्ड में सीवर पाइप लाइन बिछाने सड़क के बीचोबीच खोदी गई नाली में घुसने के कारण रेत से भरा ट्रक पलट गया। जिसके कारण ट्रक के चालक व क्लीनर घायल हो गए। वहीं कावसजी वार्ड में एम्बुलेंस रोड के नाम से विख्यात इस सड़क पर वाहनों की आवाजाही भी ठप्प हो गई। जिसके कारण स्थानीय नागरिकों को भी आवागमन में परेशानी हुई। गौरतलब है कि शहर में लगभग एक अरब 15 करोड़ की लागत से स्पंद प्राइवेट कंपनी के द्धारा सीवर पाइप लाइन बिछाने का काम कराया जा रहा है लेकिन कंपनी के द्धारा सीवर पाइप लाइन बिछाने का काम नियम विरूद्ध किए जाने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बताया जाता है कि कंपनी के द्धारा सीवर पाइप लाइन बिछाने सड़क के बीचोबीच नाली खोदी जाती है तथा मंथर गति से काम चलने के कारण नाली कई-कई दिनों तक खुली पड़ी रहती है। जिसके चलते आये दिन रोड में आने जाने वाले लोगो को परेशानियों का सामना करना पड़ता है और खुली नाली में गिरकर लोग दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं। इसके अलावा जिन क्षेत्रों में सीवर पाइप लाइन बिछाने का काम कराया जा रहा है। वहां खुदी नाली से लोगों को न केवल आवागमन में परेशानी हो रही है बल्कि दिन भर धूल उड़ने से लोगों का घरों में रहना भी मुश्किल हो रहा है।








