सीने पर एससी-एसटी : राहुल गांधी ने बताया संविधान पर हमला
भोपाल। धार जिला अस्पताल में नव आरक्षक भर्ती के दौरान युवकों के सीने पर एससी-एसटी लिखने को कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने संविधान पर हमला बताया है। राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा है कि ‘भाजपा सरकार के जातिवादी रवैये ने देश की छाती पर छुरा मारा है। मध्यप्रदेश में युवाओं के सीने पर एससी-एसटी लिखकर देश के संविधान पर हमला किया है। ये भाजपा और आरएसएस की सोच है। यही सोच कभी दलितों के गले में हांडी टंगवाती थी, शरीर में झाडू बंधवाती थी, मंदिर में घुसने नहीं देती थी। हम इस सोच को हराएंगे।’
उधर कल कांग्रेस नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भी ट्वीट कर कहा था – ‘ बेहद शर्मनाक, सीने पर जाति लिखकर एक बार फिर दलित और पिछड़े समाज के भाई-बहनों के साथ ज्यादती और उनका अपमान किया गया।’
यह है पूरा मामला
धार जिला अस्पताल में आरक्षक के चयन के लिए अभ्यर्थियों का मेडिकल परीक्षण किया गया। इस दौरान आरक्षित वर्ग की ऊंचाई नापने में कोई गफलत न हो इसके लिए सभी के सीने पर उनकी जाति लिख दी गई। इस मामले में मध्यप्रदेश के गृहमंत्री भूपेंद्र सिंह ने जांच के आदेश दिए हैं।

