सीतापुर सड़क हादसे में बिजनौर बीजेपी विधायक लोकेन्द्र सिंह समेत पांच की मौत

बिजनौर के नूरपुर से बीजेपी विधायक लोकेन्द्र सिंह की बुधवार सुबह सीतापुर में हुए एक भीषण सड़क हादसे में मौत हो गई. आज तड़के हुए इस हादसे में विधायक के दो सुरक्षाकर्मी, ड्राईवर और ट्रक के खलासी की भी मौत हुई है. यह दर्दनाक हादसा एनएच 24 पर कमलापुर थाना क्षेत्र के कैकेयापारा गांव के पास हुई. दरअसल बिजनौर जिले के नूरपुर विधानसभा सीट से बीजेपी के विधायक लोकेन्द्र सिंह अपनी फार्च्यूनर गाड़ी से लखनऊ की ओर जा रहे थे, तभी रास्ते मे उनकी गाड़ी अनियंत्रित होकर डिवाडर पार कर विपरीत दिशा से आ रही ट्रक से जा टकराई.

इस हादसे में विधायक लोकेन्द्र की मौत घटनास्थल पर ही हो गई जबकि उनके दो सुरक्षाकर्मी, ड्राइवर और ट्रक के खलासी की मौत अस्पताल में इलाज के दौरान हुई. गौरतलब है कि विधायक लोकेन्द्र सिंह दूसरी बार विधयाक चुने गये थे और बिजनौर के बीजेपी के जिलाध्यक्ष भी रह चुके हैं. घटना की जानकारी मिलने के बाद डीएम, एसपी समेत जिले के तमाम आलाधिकारी और बीजेपी के जिलाध्यक्ष अजय गुप्ता समेत विधयाक एवं कार्यकर्ता जिला अस्पताल पहुंच गए. विधयाक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है और शवों का पोस्टमार्टम कराने की तैयारी की जा रही है.
इस बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी विधायक के निधन पर शोक जताते हुए इसे पार्टी के लिए बड़ी क्षति बताया है.








