मध्यप्रदेश

सिंधिया को दी धमकी, विधायक बोलीं – क्षमा करो,बेटा नादान , कांग्रेसियों ने कराई FIR

damoh mla 03 09 2018
दमोह। दमोह जिले की हटा विधायक उमादेवी खटीक के बेटे प्रिंसदीप खटीक ने एक बार फिर विवादित पोस्ट की है। इस बार प्रिंसदीप ने सांसद और कांग्रेस के प्रदेश चुनाव अभियान समिति अध्यक्ष ज्योतिरादित्य सिंधिया को हटा आने पर जान से मारने की धमकी दी है। अब विधायक अपने बेटे का बचाव करते हुए उसे नादान बता रही हैं। प्रिसंदीप ने ज्योतिरादित्य के खिलाफ पोस्ट अपने फेसबुक अकाउंट पर रविवार-सोमवार की रात की थी। सुबह जब पोस्ट वायरल हुई तो हंगामा हो गया और कांग्रेसियों ने इसका जमकर विरोध किया।

कांग्रेसियों ने किया विरोध, एफआईआर दर्ज

ज्योतिरादित्य के खिलाफ पोस्ट के बाद जिलेभर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध शुरू कर दिया। दमोह, हटा, पटेरा में ज्ञापन दिए गए। हटा में कांग्रेसियों ने थाने में जाकर विधायक के बेटे के खिलाफ एफआईआर करने की मांग की, जिसके बाद पुलिस ने प्रिंसदीप के खिलाफ धारा 506, 506, 294 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। दमोह में जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अजय टंडन ने दर्जनों कांग्रेसियों के साथ ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहा कि उनके नेता से पहले कांग्रेस के हजारों कार्यकर्ताओं का सीना सामने होगा।

बेटे कर नादानी पर विधायक ने मांगी माफी

बढ़ते विरोध को देखते हुए विधायक उमादेवी खटीक ने भी सोशल मीडिया पर अपना एक वीडियो वायरल किया। इसमें वह अपने बेटे को नादान बताते हुए माफी मांग रहीं हैं। श्रीमती खटीक ने कहा कि उन्हें अपने बेटे द्वारा की गई पोस्ट की खबर मिली थी, जिसे उन्होंने भी पढ़ा। वह पोस्ट गलत है। लोकतंत्र में ऐसा नहीं हो सकता। उनका बेटा नादान है। सांसद ज्योतिरादित्य का हटा आगमन हो रहा है। वे उनका स्वागत करती हैं और उनके बेटे की हरकत पर वे क्षमा मांगती हैं।

पहले भी कर चुका है विवादित पोस्ट

विधायक उमादेवी खटीक के बेटे ने इससे पहले 12 जून 2017 को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को मामू कहकर उनसे इस्तीफा मांगा था। विधायक उमादेवी खटीक भी सितंबर 2017 में जिला शिक्षा केंद्र अधिकारी को एक मामले में चप्पल से पिटवाने की धमकी दे चुकी हैं। 17 नवंबर को समुदाय विशेष को लेकर भी एक विवादित पोस्ट कर चुकी हैं।

Leave a Reply

Back to top button