संसदीय समिति ने एयरलाइंस इंडिगो को लगाई फटकार, कहा- आदत सुधारे कर्मचारी
नई दिल्ली। संसदीय समिति ने हाल ही में हुई यात्री के साथ दुर्व्यवहार की घटना के बाद आज इंडिगो जैसी एयरलाइंस कंपनियों में संस्थागत कमियां को बताते हुए कर्मचारियों के बर्ताव में सुधार करने की कड़ी चेतावनी दी है। समिति ने कहा कि इंडिगो जैसी एयरलाइंस को यह देखने की जरुरत है कि उसके कर्मचारियों के ग्राहकों के प्रति असंतोषजनक व्यवहार के पीछे क्या कारण है।
कर्मचारियों पर होनी चाहिए कड़ी कार्रवाई
समिति ने एयरलाइन कर्मचारियों का यात्रियों के साथ व्यवहार पर चिंता जताते हुए कहा कि ऐसे कर्मचारियों पर कार्रवाई होनी चाहिए। पिछले दिनों एयरलाइन कंपनियों के कर्मचारी द्वारा यात्रियों से असभ्य व्यवहार करने और उनको मारने पीटने जैसी घटनाएं सामने आई हैं।
समिति ने इस पर भी अपनी चिंता और नाराज़गी दिखाई है। हवाई क्षेत्र की अग्रणी एयरलाइन कंपनी इंडिगो का नाम लेकर समिति ने अपनी रिपोर्ट में कड़ी टिप्पणी करते हुए उनके ग्राउंड स्टॉफ और केबिन क्रू से अपने व्यवहार में परिवर्तन लाने की हिदायत दी है।
एयरलाइन की कई बदसलूकी की खबरें आई सामने
बता दें कि कुछ समय पहले दिल्ली एयरपोर्ट पर इंडिगो एयरलाइन के कर्मचारियों द्वारा एक यात्री से बदसलूकी, धक्कामुक्की और मारपीट का चौंकानेवाला विडियो सामने आया था। हालांकि एयरलाइन ने वाकये के लिए माफी मांगी थी और दोषी कर्मचारी को निकाल दिया गया था। बहस के दौरान गुस्साए इंडिगो के करीब 4 कर्मचारियों ने यात्री को उस बस में घुसने से रोक दिया जिससे उन्हें टर्मिनल पहुंचना था। इसके बाद कर्मचारियों ने उनसे बदलूकी की और उन्हें जमीन पर गिरा दिया।