Latest

श्री गंगानगर में ट्रैक्‍टर प्रतियोगिता के दौरान हादसा, 8 की मौत, 200 घायल

जयपुर। राजस्‍थान के श्रीगंगानगर जिले में एक ट्रैक्‍टर प्रतियोगिता के दौरान रविवार को एक बड़ा हादसा हो गया। इस हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई और करीब 200 लोग घायल हो गए हैं। घायलों में कुछ लोग बहुत ही गंभीर रूप से घायल हैं।

गंभीर रूप से 8 घायलों को जयपुर के एसएमएस अस्पताल में रेफर किया गया है। वहीं 12 को श्रीगंगानगर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शेष घायलों का पदमपुर के विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है।पदमपुर की नई अनाज मंडी (धान मंडी) में पिछले तीन दिन से चल रहे किसान मेले के दौरान रविवार को ट्रैक्टर रस्साकशी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था।

इस दौरान दो ट्रैक्टरों के बीच में रस्से को जोड़कर ताकत अजमाने के खेल को देखने के लिए आसपास के करीब पांच हजार ग्रामीण अनाज मंडी में पहुंचे थे। इनमें महिला, पुरूष और बच्चे शामिल थे। इनमें से 500 लोग मंडी में अनाज रखने के लिए बनाए गए लोहे के टिन शेड पर चढ़कर बैठ गए। वहीं करीब ढ़ाई से तीन हजार लोग टिन शेड के नीचे बैठकर प्रतियोगिता देख रहे थे, शेष इधर-उधर घूम रहे थे।

प्रतियोगिता के दौरान उत्साहित ग्रामीण टिन शेड पर जोर-जोर से कूदने लगे, इससे शेड नीचे गिर गया और नीचे बैठे लोग दब गए। प्रारम्भिक जानकारी के अनुसार काफी लम्बा शेड गिरने से काफी लोग नीचे गिर गए और करीब 500 नीचे दब गए। शेड गिरने से मौके पर ही 6 लोगों की मौत हो गई।

वहीं दो गंभीर घायलों ने उपचार के लिए अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। घटना के समय मौके पर मंडी समिति के पदाधिकारी ही मौजूद थे, उन्होने ग्रामीणों की सहायता से बचाव कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने शेड में दबे लोगों को बाहर निकाला। सूचना पर जिला कलेक्टर ज्ञानाराम प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे। हादसे के करीब एक घंटे बाद रेस्क्यू आॅपरेशन प्रारम्भ हो सका। देरी का कारण कर्मचारियों रविवार को अवकाश पर होना बताया गया है

Leave a Reply

Back to top button