FEATUREDLatest

श्रीदेवी की फोरेंसिक रिपोर्ट, बाथटब में डूबने से हुई मौत

मुंबई। बॉलीवुड एक्ट्रेस श्रीदेवी का शनिवार रात दुबई में निधन होने के बाद अब मुंबई में उनके पार्थिव शरीर का इंतजार बढ़ता जा रहा है। इस बीच खुलासा हुआ है कि श्रीदेवी की मौत बाथटब में डूबने की वजह से हुई। श्रीदेवी की फोरेंसिक रिपोर्ट मीडिया में आई है, जिसमें बताया गया है कि उनकी मौत की वजह दुर्घटनावश डूबने से हुई थी। इसके साथ ही यह भी बताया गया है कि उनकी बॉडी में अल्कोहल के अंश पाए गए हैं।

इस फोरेंसिक रिपोर्ट के सामने आने के बाद श्रीदेवी की मौत को लेकर लगाए जा रहे सारे कयास गलत साबित हुए हैं। वहीं, खलीज टाइम्स ने डेथ सर्टिफिकेट के हवाले से बताया है कि श्रीदेवी की मौत कार्डिएक अरेस्ट के बाद बाथटब में डूबने की वजह से हुई है। साथ ही उनके खून में शराब के अंश पाए गए हैं।

इससे पहले खबर आई थी कि श्रीदेवी के पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट्स उनके परिजनों को सौंप दी गई है। इसके बाद अब बची हुई कार्रवाई पूरी होगी और कुछ देर में श्रीदेवी की बॉडी परिजनों को सौंप दी जाएगी।

इसके बाद श्रीदेवी के परिजनों को भारतीय दूतावास जाकर वहां की कार्रवाई पूरी करनी होगी तब कहीं जाकर वो शव को भारत ला सकेंगे। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार इस पूरी प्रक्रिया में थोड़ा और समय लगेगा।

इधर मुंबई में उनके अंतिम संस्कार की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। वहीं अभिनेत्री के अंतिम दर्शन के लिए उनके आवास ‘ग्रीन एकर्स’ पर फैंस का जमावड़ा लगा हुआ है। श्रीदेवी को अंतिम विदाई देने के लिए उनके घर बॉलीवुड की हस्तियां भी पहुंच रही हैं। वहीं जिस श्मशान में उनका अंतिम संस्कार होना है वहां पर फॉगिंग की गई है।

श्रीदेवी की देह अनिल अंबानी के विशेष विमान से आज दोपहर बाद मुंबई लाई जाएगी। दुबई में निधन के बाद श्रीदेवी के शव को पोस्टमार्टम हुआ और उसके बाद सारी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी करने में काफी समय लगा। उनके निधन की खबर के बाद से ही बॉलीवुड ही नहीं बल्कि पूरे देश में शोक की लहर है। श्रीदेवी के आवास पर उन्हें श्रद्धांजलि देने वालों का तांता लगा हुआ है। श्रीदेवी के अंतिम संस्कार की तैयारियां पूरी कर ली गईं हैं।

सफेद फूलों में ले जाई जाएगी पार्थिव देह –

निधन के बाद श्रीदेवी का अंतिम संस्कार मुंबई में होगा। श्रीदेवी को सफेद रंग बेहद पसंद था इसलिए उनकी पार्थिव देह सफेद फूलों में ले जाई जाएगी। इससे पहले उनका शव अंतिम दर्शनों के लिए उनके वर्सोवा स्थित आवास पर रखा जाएगा और इसके लिए वहां सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।

दुबई में हुआ था निधन –

अपने भतीजे अमित मारवाह की शादी में शामिल होने दुबई गई श्रीदेवी का शनिवार रात जुमैर अमिरात टावर होटल में निधन हो गया था। वो अचानक अपने बाथरूम में गिर गई जिसके बाद उन्हे अस्पताल ले जाया गया लेकिन देर हो चुकी थी। उनके निधन के बाद देश-दुनिया में उनके चाहने वालों के बीच शोक की लहर दौड़ गई।

Leave a Reply

Back to top button