मध्यप्रदेश

शि‍वराज बोले-दि‍ल्‍ली नहीं जाउंगा मैं, विदाई के समय रोने लगीं महिलाएं

MP CM News: शि‍वराज बोले-दि‍ल्‍ली नहीं जाउंगा मैं, विदाई के समय महिलाएं रोने लगीं! एमपी में शिवराज सिंह चौहान का सीएम दफ्तर में आज आखिरी दिन है. आज उनकी विदाई के समय कुछ महिलाएं रोने लगीं. शिवराज भी भावुक हो गए. प्रेस कॉन्फ्रेंस के समय उनके चेहरे पर भाव पढ़े जा सकते थे.

मध्य प्रदेश में भाजपा के नेता उत्साहित हैं. कल से ‘मोहन राज’ शुरू होने वाला है, इसके साथ ही करीब दो दशक बाद ‘मामा’ कहे जाने वाले शिवराज का दौर भी समाप्त हो रहा है.

वह खुद भले ही न कहें पर बतौर सीएम आखिरी प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उनका चेहरा और आंखें सब कुछ बयां कर रही थीं. वह बार-बार भावुक होते दिखे. गला भरा हुआ था लेकिन बोलते हुए उन्होंने अपने इस भाव को छिपाए रखा. सधे हुए अंदाज में अपने कार्यकाल की उपलब्धियों का जिक्र करते गए. पत्रकारों ने जब सवाल करना शुरू किया तो एक तीखा सवाल हुआ.

शिवराज ने कहा, ‘एक बात मैं विनम्रता के साथ कहता हूं कि अपने लिए कुछ मांगने जाने से पहले मैं मरना बेहतर समझूंगा। इसलिए मैंने कहा था कि मैं दिल्ली नहीं जाऊंगा.’ दरअसल, एक पत्रकार ने कुछ दिन पहले के बयान का जिक्र किया था जिसमें शिवराज ने कहा था कि वह दिल्ली नहीं जाएंगे. शिवराज ने संदर्भ भी बताया कि उस समय पूछा गया था कि बाकी दिल्ली में हैं, आप दिल्ली जाएंगे क्या? इस पर आज शिवराज का दर्द छलक पड़ा.

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम