विषपान से विवाहिता की मौत पर हत्या का आरोप, बहन ने की थाना प्रभारी से कार्रवाई की मांग

कटनी। कुठला थाना अंतर्गत पुरैनी में एक विवाहिता की विषपान से हुई मौत के मामले में स्लीमनाबाद थाना अंतर्गत ग्राम उत्तमपुर निवासी उसकी बहन ने पति सहित सास व ससुर पर हत्या का आरोप लगाया है और कुठला थाना प्रभारी को एक शिकायती पत्र देकर आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की है।
स्लीमनाबाद थाना अंतर्गत ग्राम उत्तमपुर निवासी नेहा पिता सोनेलाल साहू ने थाना प्रभारी को दिए शिकायती पत्र की प्रति यशभारत डॉट काम को उपलब्ध कराते हुए बताया कि उसकी बड़ी बहन का विवाह लगभग दो वर्ष पूर्व कुठला थाना अंतर्गत पुरैनी निवासी मुकेश पिता राम प्रसाद साहू के साथ हुआ था।
नेहा के अनुसार शादी के बाद दो माह तक तो सब कुछ ठीकठाक रहा लेकिन दो माह बाद पति, सास व ससुर देहज की मांग को लेकर प्रताडि़त करने लगे। इस दौरान उसके साथ पति के द्धारा मारपीट भी की जाती थी।
नेहा ने आगें बताया कि दहेज प्रताडऩा से परेशान होकर मेरी बहन सुमन ने 3 दिसंबर को विषपान कर लिया और इस बात की जानकारी मुझे व मेरे परिजनों को मामा हरकेश के माध्यम से लगी। नेहा ने बताया कि विषपान के बाद नेहा को जिला अस्पताल से गहन उपचार के लिए जबलपुर रिफर कर दिया गया लेकिन जबलपुर पहुंचने के पूर्व सुमन की बीच रास्ते में सिहोरा के पास मौत हो गई। नेहा का आरोप है कि पुलिस ने शवपरीक्षण कराते हुए मर्ग कायम कर मामले को जांच में तो ले लिया है लेकिन घटना के एक माह बीत जाने के बावजूद मामले में किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं की गई।








