FEATUREDउत्तरप्रदेश

विवेक हत्याकांड खुलासा : सिपाहियों की बाइक से टकराई ही नहीं थी XUV

विवेक तिवारी हत्याकांड: जांच में अहम खुलासा, सिपाहियों की बाइक से टकराई ही नहीं थी XUV मृतक विवेक तिवारी की गाड़ी
राजधानी लखनऊ के चर्चित विवेक तिवारी हत्याकांड मामले में नया मोड़ आया है. पुलिस की मोटर ट्रांसपोर्ट (एमटी) शाखा की जांच में खुलासा हुआ है कि सिपाहियों की बाइक की विवेक तिवारी की गाड़ी से टक्कर हुई ही नहीं थी. ऐसे में बाइक का पूरी तरह से क्षतिग्रस्त होना पुलिस की थिअरी पर सवाल खड़ा कर रहा है. एमटी शाखा ने विवेक की एक्सयूवी का तकनीकी मुआयना किया. जांच में पता चला कि गाड़ी का अगला हिस्सा अंडरपास के पिलर से टकराने से क्षतिग्रस्त हुआ था. साइड में कोई डैमेज नहीं मिला.

मुआयना करने वाले पुलिसकर्मियों का दावा है कि बाइक में मामूली टक्कर हुई होती तो भी कार का बायां हिस्सा क्षतिग्रस्त होता. इसके उलट बाइक के दाएं तरफ का हैंडल टूटकर निकल गया और बाएं तरफ भी काफी डैमेज हुए. ऐसा डैमेज किसी भीषण एक्सिडेंट में ही हो सकता है. निष्पक्ष जांच के लिए बाइक का मुआयना परिवहन विभाग की टेक्निकल टीम से करवाया गया था.

बता दें, विवेक तिवारी हत्याकांड में अब तक दो एफआईआर दर्ज हो चुकी है. इसमें पहली एफआईआर मामले की एकमात्र चश्मदीद सना की तरफ से दर्ज हुई थी. उस एफआईआर में किसी को नामजद नहीं किया गया था, आरोपी को अज्ञात बताया गया था. इसके बाद विवेक तिवारी की पत्नी की तरफ से दूसरी एफआईआर दर्ज की गई. जिसमें दोनों सिपाहियों को नामजद किया गया. वहीं मामले में गिरफ्तार होने से पहले गोमतीनगर थाने में प्रशांत चौधरी और उसकी पत्नी आरोप लगा रहे थे कि उनकी शिकायत को पुलिस दर्ज नहीं कर रही है.

Leave a Reply

Back to top button