मध्यप्रदेश

वापस लौटे विधायक बिसाहूलाल, बोले- नाराजगी तो है मगर सब ठीक है

इंदौर, भोपाल। सरकार के लिए राहत की खबर है कांग्रेस के विधायक बिसाहूलाल सिंह आखिर लौट आए हैं। कांग्रेस विधायक हरदीप सिंह डंग के कथित इस्‍तीफे के बाद बिसाहूलाल भी लापता बताए गए थे।

इससे मध्‍य प्रदेश की राजनीति में उठापटक के साथ ही राजनीतिक गलियारों में सनसनी फैल गई थी। परिजनों ने राजधानी भोपाल के टीटी नगर थाना में बिसाहूलाल की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी।

जानकारी के अनुसार कमलनाथ सरकार के कैबिनेट मंत्री सुरेन्द्र सिंह बघेल वरिष्ठ विधायक बिसाहू लाल के साथ बेंगलुरु से इंदौर पहुंचे। जहां से वे भाेपाल रवाना हुए।

bisahulal baghel1

बताया जाता है कि वरिष्ठ विधायक बिसाहू लाल पिछले 3 दिनों से बेंगलुरु में थे।प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ के मीडिया समन्वयक नरेंद्र सलूजा ने बिसाहूलाल के हवाले से कहा है कि वे शुरू से ही कांग्रेस के साथ हैं और कांग्रेस के साथ ही रहेंगे और उनका पूरा समर्थन कमलनाथ के साथ है।

कैबिनेट मंत्री सुरेंद्र सिंह बघेल और वरिष्ठ नेता विधायक बिसाहूलाल सिंह इंदौर एयरपोर्ट पहुंचे और स्टेट प्लेन से भोपाल के लिए रवाना हो गए। इंदौर से कैबिनेट मंत्री बाला बच्चन भी उनके साथ भोपाल के लिये रवाना हुए।

भोपाल पहुंचकर वे मुख्‍यमंत्री कमलनाथ से मिले और बाद में मीडिया से कहा कि उन्‍हें न तो किसी ने बंधक बनाया और न ही कोई लालच दिया। उन्‍होंने कहा कि वे कभी भाजपा में नहीं जाएंगे। उन्‍होंने सीएम से बातचीत में अपने क्षेत्र में कार्य न होने पर नाराजगी तो जताई है और सीएम ने उनके कार्य पूरे करने का आश्‍वासन दिया है। मंत्री बनाए जाने के सवाल पर वे बोले कि जब मौका अाएगा तब देखेंगे। वे बोले कि वे तीर्थ यात्रा पर गए थे। वे गायब क्‍यों हो गए थे इस पर हंसते हुए जवाब दिया कि कमलनाथ, दिग्विजय ढूंढें इसलिये वे तीर्थ पर चले गए थे। एफआईआर के बारे में उनका कहना था कि वे परिजनों के संपर्क में थे लेकिन कुछ नेताओं के दबाव में घरवालों ने ऐसा कर दिया।

इससे पहले जानकारी मिली थी कि सिंह बेंगलुरू में रुके हुए थे।इसकी जानकारी मिलने के बाद कैबिनेट मंत्री सुरेंद्रसिंह बघेल उन्हें लेने गए। हालांकि दो अन्य विधायक रघुराज सिंह कंषाना और हरदीप सिंह डंग के बारे में फिलहाल अधिकृत जानकारी नहीं मिल सकी है। इससे पहले निर्दलीय विधायक सुरेंद्र सिंह शेरा भी बेंगलुरु से भोपाल आ चुके हैं।

मप्र के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह का आरोप

राजगढ़ प्रतिनिधि के अनुसार मप्र के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह का आरोप है कि भाजपा ने तीसरी बार कांग्रेस सरकार गिराने का प्रयास किया है। मीडिया से बातचीत में दिग्विजय ने कहा मैं उनके नेताओं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह, जेपी नड्डा, शिवराज सिंह, नरेन्द्रसिंह तोमर, नरोत्तम मिश्रा से अनुरोध करूंगा कि यह सब करना बंद करें, सरकार पूरे पांच साल चलेगी, मजबूती के साथ पूरे पांच साल चलेगी। रविवार को पूर्व सीएम समेत जनसंपर्क मंत्री पीसी शर्मा, मंत्री प्रियवृत सिंह, जयवर्द्धन सिंह सिंह अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए।

Back to top button