Latest

लॉकडाउन में काम हुआ बंद, वीडियो देख नकली नोट छापना किया शुरू, ऐसे पकड़े गए आरोपी

Corona कोरोना महामारी की वजह से लॉकडाउन लगा। काम धंधा बंद हुआ तो तीन दोस्तों ने नकली नोट छापना शुरू कर दिया। आरोपियों ने कंप्यूटर के जरिए नकली नोट छापे और इन्हें बाजारों में चलाना शुरू कर दिया। हालांकि ये खेल ज्यादा दिन चल न सका।

ये आरोपी जब राहों रोड की ओर नोट चलाने जा रहे थे तभी पुलिस ने धर दबोचा। उनके कब्जे से पहले पुलिस ने सौ रुपये के नौ नकली नोट बरामद किए थे। निशानदेही पर २.४० लाख रुपये के सौ-सौ के नोट बरामद किए। आरोपियों की पहचान मोहल्ला चांद कालोनी निवासी संजीव राय और सुनील कुमार उर्फ रमन उर्फ खालसा के रूप में हुई है।

तीसरे आरोपी दलवीर सिंह उर्फ दल्ली की तलाश की जा रही है। संयुक्त पुलिस आयुक्त कंवरदीप कौर ने बताया कि पुलिस पार्टी ने इलाके में नाकाबंदी कर रखी थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि दोनों आरोपी नकली नोट चलाते हैं। आरोपी इस समय भी नकली नोट लेकर जा रहे है।

नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने आरोपियों को रोक लिया। तलाशी में उनसे सौ-सौ रुपये के नौ नोट निकले। पूछताछ में पता चला कि वह नकली नोट खुद छापते हैं और धीरे-धीरे बाजार में चला रहे हैं। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने १.४७ लाख रुपये अलग और ९३ हजार रुपये अलग बरामद किए हैं।

पुलिस को पूछताछ में पता चला कि आरोपियों के साथ उनका एक साथी दल्ली भी शामिल है। आरोपी कई नोट चला चुके हैं। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर उनके फरार साथी का पता लगाने में जुटी है।

 

Back to top button