लॉकडाउन के दौरान गुरुग्राम में ट्रक ने यूपी के कई लोगों को कुचला, 5 की दर्दनाक मौत
गुरुग्राम। गुरुग्राम में लॉकडाउन के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया है। लॉकडाउन के बाद अपने घर लौट रहे 10 से अधिक लोगों को शनिवार देर रात केएमपी एक्सप्रेस-वे पर टोल प्लाजा के नजदीक एक तेज रफ्तार कैंटर ने टक्कर मार दी। इससे मौके पर ही एक बच्चा सहित पांच की मौत हो गई जबकि पांच से अधिक लोग घायल हो गए। मृतकों की पहचान उत्तर प्रदेश एटा जिले के गांव कूल्हा निवासी करण सिंह, सुल्तानपुर जिले के गांव पहाड़पुर निवासी बबलू, पीलीभीत जिले के गांव बिलसरा निवासी गोविंद एवं शाहजहांपुर जिले के गांव तारापुर निवासी राजकुमारी व उसके बेटे प्रभात के रूप में की गई।
घरवालों के आने के बाद होगा पोस्टमार्टम
इनमें से करण सिंह एवं बबलू के शव का पोस्टमार्टम करा दिया गया। अन्य शवों का पोस्टमार्टम स्वजनों के आने के बाद किया जाएगा। घायलों को जिला नागरिक अस्पताल के साथ ही दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पिछले तीन दिनों से शहर व आसपास के इलाकों में रह रहे दूसरे राज्यों के लोगों का अपने गांव जाने का सिलसिला जारी है। इसी सिलसिले में केएमपी एक्सप्रेस-वे पर पचगांव के नजदीक टोल प्लाजा के आसपास शनिवार रात लगभग सवा बारह बजे खड़े थे।

