लीजिये यहां टिकिट के चक्कर मे 100 कांग्रेसियों ने जमा कर दिए 50-50 हजार
उज्जैन। कांग्रेस के चुनावी फॉर्मूले के फेर में यहां कई नेता उलझ गए हैं। दरअसल पूर्व में पार्टी ने फरमान जारी किया था कि जिसे भी विधानसभा चुनाव के लिए टिकट पाना है, पार्टी फंड में 50 हजार रुपए जमा कराए। इस फेर में जिले के 100 से ज्यादा दावेदारों ने राशि जमा करा दीं। हालांकि बाद में हाईकमान ने इस निर्देश को रद्द कर दिया। अब उक्त दावेदार पैसा वापस मिलने का इंतजार कर रहे हैं।
पार्टी का दावा है कि जल्द ही राशि वापस कर दी जाएगी। इसके लिए दावेदारों से संपर्क किया जा रहा है। कांग्रेस के प्रदेश दीपक बावरिया ने बीते दिनों फरमान जारी किया था कि पार्टी के जिस भी नेता को विधानसभा चुनाव लड़ना है, वह 50 हजार रुपए फंड में जमा कराए। पार्टी नेताओं के अनुसार जिले की सात विधानसभा के 100 से ज्यादा दावेदारों ने निर्देश मिलते ही राशि जमा करा दी। यह राशि करीब 50 लाख रुपए बनती है। हालांकि जैसे ही इसकी जानकारी आला कमान तक पहुंची तो इस व्यवस्था को गैर वाजिब बताकर खारिज कर दिया गया। ऐसे में राशि जमा करने वाले नेता उलझ गए। अब उक्त सभी दावेदार पैसा वापस मिलने का इंतजार कर रहे हैं। संशय यह भी है कि राशि वापस मिलेगी भी या नहीं।
पदाधिकारियों ने दे दिए इस्तीफे…पर अब तक तस्वीर साफ नहीं
प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने राशि जमा कराने के फरमान के साथ ही यह भी कहा था कि पार्टी में विभिन्न पदों पर बैठे नेता चुनाव नहीं लड़ पाएंगे। इसके ठीक बाद शहर अध्यक्ष अनंतनारायण मीणा और जिला ग्रामीण अध्यक्ष जयसिंह दरबार ने प्रदेश प्रभारी को इस्तीफे सौंप दिए थे। हालांकि इन्हें अब तक स्वीकार नहीं किया गया है। ऐसे में उक्त दोनों अभी अध्यक्ष कुर्सी पर काबिज है अथवा नहीं, यह स्थिति साफ नहीं है।
राशि वापस लौटाएंगे
जिन दावेदारों ने राशि जमा कराई थी, उन्हें पीसीसी की ओर से रिफंड करने की जानकारी दी जा रही है। सभी दावेदारों को राशि वापस लौटाई जाएगी। -प्रेमचंद गुड्डू, पूर्व सांसद







