लगातार 16 दिन बढ़ने के बाद आज कम हुए पेट्रोल डीजल के दाम

नई दिल्ली। पिछले 16 दिनों से लगातार पेट्रोल और डीजल के दामों में हो रही बढ़ोतरी के बाद बुधवार को मामूली राहत मिली है। खबरों के अनुसार 30 मई को पेट्रोल और डीजल के दाम कम हुए हैं। जहां पेट्रोल के दाम में 60 पैसे प्रति लीटर कम हुए हैं वहीं डीजल की कीमत में 56 पैसे प्रति लीटर की कटौती की गई है। बुधवार को दिल्ली में पेट्रोल 77 रुपये 83 पैसे प्रति लीटर और डीजल 68 रुपये 75 पैसे प्रति लीटर है।
बता दें कि डायनैमिक प्राइसिंग सिस्टम दोबारा 14 मई को अमल में लाए जाने के बाद से रोजाना आधार पर पेट्रोल और डीजल के दाम में संशोधन किया जा रहा है। अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दाम में कमी के कारण आज पेट्रोल और डीजल के दामों में कमी आई है।
पेट्रोलियम मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने जानकारी दी थी कि सरकार पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों का “दीर्घकालिक समाधान” खोजने के लिए “समग्र रणनीति” की योजना बना रही है। गौरतलब है कि अंतरराष्ट्रीय दरों में बढ़ोतरी से पेट्रोल और डीजल की कीमतों में तेजी आई है। हालांकि उन्होंने इस रणनीति का कोई भी विवरण नहीं दिया।
बुधवार को पेट्रोल के दाम
दिल्ली – 77.83
कोलकता – 80.47
मुंबई – 85.65
चेन्नई – 80.80
बुधवार को डीजल के दाम
दिल्ली – 68.75
कोलकता – 71.30
मुंबई – 73.20
चेन्नई – 72.58
राजधानी समेत देश के प्रमुख शहरों में तेजी से बढ़ रहीं ईंधन की कीमतों पर काबू पाने के लिए तरह तरह के सुझाव दिए जा रहे हैं जिसमें एक्साइज ड्यूटी में कटौती करना और फ्यूल को जीएसटी के दायरे में लाना प्रमुख रुप से शामिल है। गौरतलब है कि राजधानी समेत प्रमुख शहरों में 24 अप्रैल 2018 से 13 मई 2018 तक पेट्रोल और डीजल की कीमतें अपरिवर्तित रहीं थीं।








