Site icon Yashbharat.com

लंदन की हैवलॉक सड़क का नाम “गुरु नानक मार्ग”

images 53

लंदन। ब्रिटेन की राजधानी लंदन की एक सड़क का नाम “गुरु नानक मार्ग” करने की तैयारी चल रही है। इस सड़क का नाम अभी ब्रिटिश सैन्य कमांडर हेनरी हैवलॉक के नाम पर है, जिसने भारत में सन् 1857 की क्रांति को बर्बर तरीके से कुचल कर दबा दिया था।

इसे ब्रिटेन की ईस्ट इंडिया कंपनी के शासन के खिलाफ भारतीयों की आजादी की पहली लड़ाई के रूप में भी जाना जाता है।

बताते चलें कि अमेरिका में अश्वेत जार्ज फ्लॉयड की मौत के बाद भड़की हिंसा और विरोध प्रदर्शन की आग ब्रिटेन भी पहुंच चुकी है। नस्लवाद के खिलाफ विरोध के दौरान प्रदर्शनकारी ब्रिटिश उपनिवेश काल के दमनकारी चेहरों को निशाना बना रहे हैं।

दुनियाभर में चल रहे ‘ब्लैक लाइफ मैटर्स’ आंदोलन को देखते हुए लंदन के मेयर सादिक खान ने यहां लगी मूर्तियों और उन सार्वजनिक जगहों के नामों का फिर से मूल्यांकन करने की योजना शुरू की है, जो ब्रिटिश उपनिवेशवाद की याद दिलाते हैं।

 

इसी कड़ी में हैवलॉक सड़क का नाम भी बदलकर सिख धर्म के संस्थापक गुरु नानक देव पर करने के लिए परामर्श का दौर शुरू हो चुका है। वेस्ट लंदन के इलिंग साउथॉल से सांसद वीरेंद्र शर्मा ने कहा कि वह इसका स्वागत करते हैं। इससे पहले मंगलवार को इलिंग के काउंसलर जूलियन बेल ने कहा था कि सड़क का नया नाम देश में सिख समुदाय के बेहतरीन योगदान को देखते हुए रखा जाएगा।

इसके साथ ही साउथहॉल में बड़ी संख्या में सिख आबादी रहती है। हैवलॉक रोड पर स्थित श्री गुरु सिंह सभा गुरुद्वारा, भारत के बाहर दुनिया का सबसे बड़ा गुरुद्वारा माना जाता है।

 

Exit mobile version