रेलवे बोर्ड काे भेजा प्रस्ताव इंदौर-अजमेर-जयपुर ट्रेन, यात्रियों को मिलेगी राहत

इंदौर। इंदौर-अजमेर-जयपुर के बीच रोज चलने वाली एक्सप्रेस ट्रेन पूरी क्षमता से चलाने की तैयारी शुरू हो गई है। फिलहाल यह लिंक एक्सप्रेस के रूप में 8 कोच से चलती है। भविष्य में यह 15-20 कोच के साथ चलेगी। इससे यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। अभी कन्फर्म रिजर्वेशन मिलना काफी कठिन होता है। कोच बढ़ने से यह मुश्किल खत्म हो जाएगी।
रतलाम रेल मंडल ने इसका प्रस्ताव रेलवे बोर्ड को भेज दिया है और टाइम टेबल कमेटी की बैठक में इसे मंजूरी के लिए रखा जाएगा। माना जा रहा है कि सैद्धांतिक रूप से बोर्ड इस प्रस्ताव पर सहमत है। केवल बैठक में कमेटी से औपचारिक मंजूरी ली जाना है। साथ ही मंडल ने ट्रेन को फतेहाबाद-रतलाम के रास्ते से चलाने का प्रस्ताव भी बोर्ड को भेजा है।
यदि इसे मंजूरी मिलती है तो यात्रा समय भी घटेगा। इंदौर-अजमेर-जयपुर लिंक एक्सप्रेस में तीन जनरल, तीन स्लीपर, एक थर्ड एसी और एक एसएलआर श्रेणी का कोच लगता है। यह रोज शाम 6 बजे इंदौर से चलती है और उज्जैन में ये कोच भोपाल-अजमेर-जयपुर ट्रेन में जुड़ जाते हैं और वहां से ये दोनों ट्रेन एक होकर चलती हैं। इससे कोच एक से दूसरे प्लेटफॉर्म तक लाने-ले जाने में 25 मिनट लगते हैं। यही प्रक्रिया जयपुर से इंदौर आने वाली ट्रेन के लिए भी करना पड़ती है। जब ट्रेन पूरी क्षमता से चलने लगेगी और फतेहाबाद होकर गुजरेगी तो ये तमाम झंझटें खत्म हो जाएंगी।
अभी ट्रेन के अजमेर पहुंचने का समय सुबह 6.40 और जयपुर का सुबह 9.25 बजे है। वापसी में जयपुर से यह ट्रेन रोज शाम 6.10 बजे चलती है और रात 8.55 बजे अजमेर होकर अगले दिन सुबह 10.20 बजे इंदौर आती है। आते समय उज्जैन में 35 मिनट का हॉल्ट है। यात्री लंबे समय से कर रहे हैं मांग : मालवा क्षेत्र के लोग लंबे समय से रेलवे से मांग कर रहे हैं कि अजमेर-जयपुर ट्रेन में कोचों की संख्या बढ़ाई जाए।
इंदौर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु अजमेर और पुष्करजी जाते हैं उन्हें कन्फर्म बर्थ पाने काफी पहले रिजर्वेशन कराना पड़ता है और वापसी में भी यही परेशानी होती है। रेलवे बोर्ड पैसेंजर एमिनिटीज कमेटी के सदस्य नागेश नामजोशी ने बताया कि अजमेर-जयपुर ट्रेन फतेहाबाद होकर चलेगी तो इससे यात्रा समय में लगभग दो घंटे की बचत होने की उम्मीद है। पूरी उम्मीद है कि ट्रेन को पूरी क्षमता से चलाने का फैसला लिया जाएगा।








