Latestराष्ट्रीय

आज रात 6 घंटे तक बंद रहेगा रेलवे का पीआरएस, पूछताछ सेवा, जानिए क्यों..

जबलपुर। आज बुधवार 2 मई की रात 10.45 बजते ही रेलवे का पीआरएस सिस्टम, पूछताछ सेवा 139 आदि 6 घंटों तक के लिए बंद हो जायेगी।

रेलवे अपने सिस्टम को अपग्रेड करने के लिए सिस्टम को बंद कर रही है. इस दौरान यात्री न तो रिजर्वेशन टिकट ले सकेंगे और न ही पूछताछ सेवा में ट्रेन के आगमन, प्रस्थान, पीएनआर स्टेटस आदि की जानकारी ही हासिल कर सकेंगे।

रेलवे के मुताबिक आज 2 मई को रात 10.45 बजे से 3 मई गुरुवार को सुबह 5 बजे तक रेलवे की ऑनलाइन सिस्टम बंद रखी जाएगी. इस दौरान रेल यात्री रिजर्वेशन टिकट नहीं बना सकेंगे।

इसके अलावा रेलवे के 139 नम्बर से भी किसी प्रकार की जानकारी नहीं मिल सकेगी. वहीं, जनरल टिकट भी उपलब्ध नहीं हो सकेंगी. ऐसे में यात्री रात 10 बजे के पहले की अपनी टिकट ले लें और यदि रेलवे से किसी प्रकार की इंकवारी करनी है तो वह भी पीआरएस बंद होने से पहले कर लें. उल्लेखनीय है कि यात्री पीआरएस से ही ऑनलाइन करंट टिकट और सामान्य आरक्षण टिकट लेते हैं. वहीं, इसी सिस्टम के माध्यम से वेटिंग टिकट कन्फर्म होने, ट्रेनों के चलने का समय आदि की जानकारी प्राप्त की जाती है।

इस अवधि में 6 घंटों के लिए सारी कम्प्यूटर कार्यप्रणाली ठप रहेगी. ऐसे में ट्रेनों के समय आदि से लेकर बर्थ कन्फर्मेशन आदि की जानकारी पूछताछ काउंटर से प्राप्त करनी होगी. वहीं, बर्थ कन्फर्म आदि की सूचना टीटीई ऑफिस के चार्ट से उपलब्ध होगी।

बर्थ खाली होने पर ट्रेन में टीटीई बर्थ उपलब्ध कराएंगे. ज्ञात हो कि आमतौर पर स्टेशन के सारे रिजर्वेशन काउंटर रात आठ बजे बंद कर दिए जाते हैं, जबकि एक काउंटर 12 बजे तक खुला रहता है, लेकिन ऑनलाइन टिकट सिस्टम 24 घंटे चालू रहते हैं. ऐसे में देश भर में 6 घंटे तक रिजर्वेशन सिस्टम बंद होने से रेलवे उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना होना तय है।

Leave a Reply

Back to top button