रेलमंत्री पीयूष गोयल ने वीडियो शेयर कर बताई जबलपुर-गोंदिया ब्रॉडगेज में ट्रेन की रफ्तार

जबलपुर। रेल मंत्री पीयूष गोयल ने ट्विटर पर एक वीडियो शेयर कर जबलपुर गोंदिया रेल खण्ड में लामटा-चरेगांव-समनापुर में तेज रफ्तार से दौड़ती ट्रेन को दिखाते हुुुए कहा कि जबलपुर-गोंदिया की महत्वपूर्ण रेल परियोजना के अंतिम चरण में आज लामटा-चरेगांव-समनापुर का कार्य पूर्ण हुआ।
इस प्रोजेक्ट के पूर्ण होने से जबलपुर व बल्हारशाह स्टेशन के बीच की दूरी 274 किमी कम होगी, जिससे समय की बचत होने के साथ ही यहां के वनवासी क्षेत्रों के विकास में भी मदद मिलेगी।
जबलपुर-गोंदिया की महत्वपूर्ण रेल परियोजना के अंतिम चरण में आज लामटा-चरेगांव-समनापुर का कार्य पूर्ण हुआ।
इस प्रोजेक्ट के पूर्ण होने से जबलपुर व बल्हारशाह स्टेशन के बीच की दूरी 274 किमी कम होगी, जिससे समय की बचत होने के साथ ही यहां के वनवासी क्षेत्रों के विकास में भी मदद मिलेगी। pic.twitter.com/7UvedmNYfR
— Piyush Goyal (@PiyushGoyal) October 31, 2020
निश्चित तौर पर जबलपुर गोंदिया रेल खण्ड के ब्रॉडगेज कार्य पूर्ण होने तथा इस पर ट्रेन दौड़ने को देखना एक स्वप्न के समान है। सांसद राकेश सिंह ने भी इस कार्य के पूर्णता की ओर जाने पर प्रशन्नता व्यक्त की है।
गोंदिया से जबलपुर के बीच जल्द ही सवारी गाड़ी पटरी पर दौडऩे लगेगी। शनिवार को अपरान्ह 3 बजकर 50 मिनट पर तीसरे फेज में लामटा से समनापुर के बीच रेल लाइन का सीआरएस किया गया। यह देखकर क्षेत्रीय जनों के चेहरे पर चमक दौड़ गई। बताया गया है कि लामटा से समनापुर के बीच ब्रॉडगेज निर्माण कार्य पूरी तरह से पूर्ण हो चुका है। निरीक्षण के बाद अब पूरी तरह से स्थिति साफ हो गई है कि रेलवे को ओके रिपोर्ट देने के बाद गोंदिया से जबलपुर के बीच सवारी गाड़ी जल्द शुरू कर दी जाएगी।
ये रहे मौजूद- लामटा से समनापुर के बीच रेलवे ट्रेक का निरीक्षण मोटर ट्रॉली से भी किया गया। रेलवे सेफ्टी ऑफ कमिश्नर एके राय, मंडल प्रबधक मनिंदर उप्पल, आरके सोनकर, एचपी त्रिपाठी, एसके दुबे विद्युत, महावीर जैन, एसके मिश्रा, उदयभान सिंह, मृत्युंजय मोहन, सतेन्द्र कुमार ने सूक्ष्मता के साथ लामटा से समनापुर रेल लाइन का निरीक्षण किया।
ट्रैक का किया पूजन
स्पेशल ट्रेन से नैनपुर से लामटा स्टेशन पहुंचे सीआरएस ने पहले रेल ट्रेक का विधि-विधान से पूजन किया। उसके बाद वे लामटा से समनापुर के लिए रवाना हुए। मोटर ट्रॉली से पहले टॉवर वैगन को रवाना किया गया। इस दौरान अभिषेक अग्रवाल, रेलवे स्टेशन अधीक्षक तनुज कुमार झा, स्टेशन मास्टर इश्वर कुमार बोरकर, गोपाल यादव अनिल ठाकुर, योगी बाकड़े मुख्य बिजली इंजीनियर, रासिका सिंह उप मुख्य बिजली इंजीनियर एवं रेलवे ट्रेक विद्युती करण, रेलवे सेफ्टी के अधिकारी लामटा स्टेशन पर उपस्थित रहे। जिन्होंने कोविड-19 का पालन किया। विद्युत लाइन इलेक्ट्रिफिकेशन का स्पेशल ट्रेन से निरीक्षण किया गया। इस दौरान 117 किमी की रफ्तार से टे्रन पटरी पर दौड़ाई गई।
स्पीड का भी किया परीक्षण
रेल अधिकारियों ने इस दौरान स्पेशल ट्रेन से रेलवे ट्रेक पर स्पीड का भी जायजा लिया। प्रारंभिक तौर पर जांच करने के बाद रिपोर्ट के आधार पर कमिश्नर ऑफ रेलवे सेफ्टी ओके रिपोर्ट देगे उसके बाद ही इस टे्रक पर सवारी गाड़ी शुरू करने हरी झंडी मिलेगी।
ट्रायल के तौर पर शुरू होगी मालगाड़ी
निरीक्षण के बाद इस रेलवे ट्रेक पर मालगाड़ी को ट्रायल के तौर पर शुरू किया जाएगा। उसके बाद रेलवे ऑफ सेफ्टी की ओके रिपोर्ट मिलने के बाद सवारी गाड़ी शुरू की जाएगी। विशेषज्ञों का कहना है कि यदि सब-कुछ ठीक रहा तो महिने भर के भीतर इस रूट पर सवारी गाड़ी शुरू होने की संभावनाएं साकार हो सकती हैं।
23 साल से कर रहे इंतजार
23 साल के लम्बे अंतराल के बाद बालाघाट जिले की जनता सीधे जबलपुर तक ब्रॉडगेज टे्रन से यात्रा करने के लिए इंतजार कर रही है। जबलपुर से नैनपुर के बीच पहले से ही सवारी गाड़ी शुरू हैं लेकिन वर्तमान में कोरोना संक्रमण के चलते पेसेजर ट्रेन बंद है। नैनपुर से समनापुर तक ब्रॉडगेज का काम पूरी तरह से पूर्ण होने के बाद अब सीधे गोंदिया-जबलपुर के बीच यात्री गाड़ी शुरू होने की संभावना बढ़ गई है।
ये था टारगेट
जानकारी के अनुसार बालाघाट से जबलपुर सीधी ट्रेन सेवा को वर्ष 2018 मार्च तक शुरू करने का अल्टीमेटम संबंधित निर्माण एजेंसी को विभागीय तौर पर दिया गया था, लेकिन कुछ पेंच फंसने एवं संबंधित ठेकदार द्वारा धीमी रफ्तार के चलते काम करने के कारण विलंब हुआ। समय अवधि गुजर जाने के बाद भी बालाघाट की जनता सीधे जबलपुर तक ब्रॉडगेज ट्रेन से यात्रा करने से वंचित हो रही थी। अब निर्माण एजेंसी द्वारा समनापुर से लेकर लामटा के बीच काम पूरी तरह से पूर्ण कर लिया गया है।








