Latest

रिपोर्ट में खुलासा, पिछले साल ‘अम्फान’ से भारत को 14 अरब अमेरिकी डॉलर का नुकसान

संयुक्त राष्ट्र की एक रिपोर्ट में कहा गया कि पिछले साल मई में भारत व बांग्लादेश के सीमावर्ती क्षेत्रों में आया चक्रवाती तूफान अम्फान सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचाने वाला था।

इस उष्णकटिबंधीय चक्रवात के कारण भारत को करीब 14 अरब अमेरिकी डॉलर की आर्थिक क्षति हुई।

‘स्टेट ऑफ द ग्लोबल क्लाइमेट 2020’ रिपोर्ट सोमवार को जारी की गई और इसमें कहा गया है कि प्रतिकूल मौसम के साथ कोरोना वायरस ने 2020 में लाखों लोगों के लिए दोहरा झटका दिया।

हालांकि, महामारी से संबंधित आर्थिक मंदी जलवायु परिवर्तन कारकों पर काबू लगाने में विफल रही। ठंडे ला नीना प्रभाव के बावजूद वर्ष 2020 रिकॉर्ड के अनुसार तीन सबसे गर्म वर्षों में से एक था।

वैश्विक औसत तापमान पूर्व-औद्योगिक (1850-1900) स्तर से लगभग 1.2 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया। साल 2015 के बाद से छह साल सबसे गर्म साल रहे हैं। 2011-2020 का दशक सबसे गर्म दशक रहा। संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुतारेस ने रिपोर्ट जारी होने के मौके पर कहा कि यह एक भयावह रिपोर्ट है। इसे दुनिया के सभी नेताओं और निर्णय लेने वालों को पढ़ना चाहिए।

Back to top button