
नई दिल्ली। कांग्रेस के अध्यक्ष राहुल गांधी ने राष्ट्रपति भवन में मीडिया कर्मियों को प्रवेश की अनुमति नहीं मिलने को लेकर आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 2014 के चुनावी नारे‘ अच्छे दिन’ पर तंज कसा. उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में उन्हें रायसीना हिल्स से और पीछे धकेला जाएगा.
राहुल ने यह बात मीडिया कर्मियों से तब कही जब उन्होंने यह शिकायत की कि विपक्षी नेताओं के मुद्दे पर राष्ट्रपति से मुलाकात के बाद मीडिया कर्मियों को राष्ट्रपति भवन में प्रवेश नहीं करने दिया गया.
राहुल ने कहा पत्रकारों से तंज भरे अंदाज में कहा कि इंडिया गेट के बाहर पहुंच जाओगे. उसके बाद संभवत: आपको वहां भी नहीं खड़े होने दिया जाएगा. अच्छे दिन आ गये हैं.
मीडियाकर्मियों की शिकायत थी कि जब विपक्षी नेताओं का प्रतिनिधिमंडल राष्ट्रपति से मिलने गये तो उन्हें राष्ट्रपति भवन के भीतर जाने की अनुमति नहीं दी गयी जबकि पूर्व में उन्हें भीतर जाने दिया जाता था.
मीडियाकर्मियों के सवालों का जवाब देते हुए राष्ट्रपति के प्रेस सचिव अशोक मलिक ने कहा कि राजनीतिक नेताओं द्वारा राष्ट्रपति भवन के अंदर संवाददाता सम्मेलन करने अनुमति नहीं है तथा यह परंपरा संस्था के निष्पक्ष स्वरूप पर बल देने के लिए बनायी गयी है.








