Friday, May 15, 2026
Latest:
Latest

राहुल का आरोप, फेसबुक और व्हाट्सएप पर BJP और RSS का कंट्रोल, कानून मंत्री ने दिया करारा जवाब

नई दिल्‍ली, एजेंसियां। कांग्रेस के पूर्व अध्‍यक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने रविवार को एक अमेरिकी अखबार की रिपोर्ट का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि भारत में फेसबुक (Facebook) और व्हाट्सएप (Whatsapp) पर भाजपा और आरएसएस का नियंत्रण है।

राहुल के इस आरोप पर केंद्रीय कानून मंत्री रविशंकर प्रसाद (Ravi Shankar Prasad) ने करारा पलटवार किया है।

रविशंकर प्रसाद ने ट्वीट कर कहा, ‘अपनी खुद की ही पार्टी को भी प्रभावित नहीं कर सकने वाले और हार चुके लोग इस बात का हवाला देते हैं कि पूरी दुनिया पर भाजपा और आरएसएस का नियंत्रण है।’

केंद्रीय कानून मंत्री रविशंकर प्रसाद (Ravi Shankar Prasad) यहीं नहीं रुके उन्‍होंने आगे कहा कि चुनाव से पहले डेटा को हथियार बनाने के लिए आपको कैंब्रिज एनालिटिका और फेसबुक के साथ गठजोड़ करते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया था और अब आप हम पर आरोप लगा रहे हैं।

रविशंकर प्रसाद ने एक अन्‍य पोस्‍ट में कहा है कि सच तो यह है कि आज सूचनाओं तक पहुंच और अभिव्यक्ति की आजादी का लोकतांत्रिकरण कर हुआ है।

अब यह आपके परिवार (राहुल गांधी) के सेवकों द्वारा नियंत्रित नहीं होता है। यही कारण है कि आपको दर्द होता है।

रविशंकर प्रसाद (Ravi Shankar Prasad) ने यह भी कहा है कि अभी तक बेंगलुरू दंगे को लेकर आपकी निंदा नहीं सामने आई है।

इस बारे में आपका साहस कहां गायब हो गया..? राहुल गांधी ने विदेशी अखबार में छपी खबर का हवाला देते हुए कहा था कि भाजपा और आरएसएस भारत में फेसबुक और व्हाट्सएप को कंट्रोल करते हैं।

ये इन प्‍लेटफार्मों के माध्यम से फर्जी खबरें और नफरत फैलाते हैं। राहुल ने यह आरोप लगाया कि भाजपा और आरएसएस इन प्‍लेटफार्मों का इस्तेमाल मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए करते हैं।

आखिरकार, अमेरिकी मीडिया में सच्चाई सामने आ गई है।

लोकतंत्र के लिए यह परीक्षा की घड़ी : सोनिया गांधी 

कल शनिवार को 74वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने भी सरकार पर जोरदार हमला बोला था।

उन्‍होंने कहा था कि आज ऐसा प्रतीत होता है कि सरकार प्रजातांत्रिक व्यवस्था, संविधान मूल्यों एवं स्थापित परंपराओं के विपरीत खड़ी है। कांग्रेस अध्‍यक्ष ने कहा था कि भारतीय लोकतंत्र के लिए यह परीक्षा की घड़ी है।

सोनिया गांधी ने लद्दाख में चीनी घुसपैठ का आरोप लगाते हुए इस पर चिंता जाहिर की। उन्‍होंने कहा कि मैं सरकार से आग्रह कर रही हूं कि वह इन वीर जवानों की शहादत को उचित सम्मान दे।

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम