Latestउत्तरप्रदेश

कांग्रेस को बड़ा झटका, राज बब्बर ने यूपी कांग्रेस अध्यक्ष के पद से दिया इस्तीफा

लखनऊ: यूपी कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राज बब्बर ने मंगलवार शाम को अपने पद से इस्तीफा दे दिया। फिलहाल उनका इस्तीफा अभी स्वीकार नहीं हुआ है और नए अध्यक्ष की नियुक्ति तक वह इस पद की जिम्मेदारी संभालते रहेंगे। सूत्रों के अनुसार 2019 लोकसभा चुनाव से पहले राहुल गांधी की नई टीम के लिए राज बब्बर ने ये कदम उठाया है।

जानकारी के अनुसार राज बब्बर ने लोकसभा चुनाव में अपने लिए नई जिम्मेदारी की बात कहकर इस्तीफे की पेशकश की थी। राज बब्बर स्टार प्रचारक के रूप में राष्ट्रीय स्तर पर भूमिका चाहते हैं। इसके अलावा यह भी कहा जा रहा है कि 2019 में लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस का सपा के साथ गठबंधन तय माना जा रहा है। लिहाजा राज बब्बर की सपा से पुरानी अदावतों की वजह से खुश नहीं थे, इसलिए भी उन्होंने अपने पद से इस्तीफा दिया है।

बताया जा रहा है कि उत्तर प्रदेश कांग्रेस का अगला मुखिया संभवतः ब्राह्मण चेहरा होगा और इस दौड़ में पूर्व केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद सबसे आगे चल रहे हैं। युवा जितिन प्रसाद राहुल गांधी के करीबी भी माने जाते हैं। इसके अलावा वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी और वाराणसी के पूर्व सांसद राजेश मिश्रा का भी नाम चर्चा में है।

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम

Leave a Reply