Thursday, May 14, 2026
Latest:
FEATUREDLatest

राज्यसभा में शाह का कांग्रेस को जवाब, बेरोजगारी से अच्छा पकौड़े बेचना

नई दिल्लीः भाजपा के अध्यक्ष अमित शाह ने आज राज्यसभा में बोलते हुए कहा कि हमें विरासत में गड्ढे मिले थे। मोदी सरकार का बहुत सारा समय गड्ढे भरने में ही गया है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति ने अपने अभिभाषण में कई विषयों पर अपनी बात कही। इस पर कई लोगों ने विश्लेषण भी किया और कईयों ने स्वागत लेकिन उसे अलग दृष्टिकोण से देखना चाहिए। उन्होंने कहा कि 30 साल के बाद देश में गैरकांग्रेसी सरकार पूरे बहुमत के साथ आई है और इस सरकार को देश की जनता का भी पूरा सहयोग मिला।

बेरोजगारी से अच्छा पकौड़े बेचना
शाह ने कहा कि बेरोजगारी से अच्छा है कि कोई युवा पकौड़े बेच रहा है। उन्होंने कहा कि पकौड़े बेचना शर्म की बात नहीं है इसकी भिखारी के साथ तुलना न करें। उन्होंने कहा कि अगर चाय वाले का बेटा पीएम बन सकता है तो पकौड़े वाले का बेटा आगे जाकर उद्योगपति भी बन सकता है। बता दें कि कुछ दिन पहले कांग्रेस नेता पी.चिदंबरम ने कहा था कि अगर पकौड़े बेचना बिजनेस है तो भीख मांगना भी एक नौकरी है।

कांग्रेस पर कसा तंज
शाह ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि 2013 में देश की जो स्थिति थी, उसे याद करने की जरूरत है। देश में विकास की गति काफी गिरी हुई थी, महिलाएं देश में सुरक्षित नहीं थीं। सीमा की रक्षा करने वाले जवान सरकार के अनिर्णय के कारण कुछ कर नहीं पा रहे थे लेकिन अब काफी कुछ बदल गया है। उन्होंने कहा कि सरकार को पिछले गड्ढे भरने में ही काफी समय लग गया।

शाह के भाषण की खास बातें
-जनधन खातों में 73 हजार करोड़ रुपए जमा हुए।

-1 करोड़ 30 लाख लोगों ने प्रधानमंत्री जी के कहने पर गैस सब्सिडी को छोड़ा।

-हमारी सरकार ने गरीबों का जीवन स्तर उठाने का काम किया।

-जनधन योजना के माध्यम से 31 करोड़ बैंक खाते खोले गए।

गौरतलब है कि सोमवार से राज्यसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव की शुरुआत हुई। कैराना से भाजपा सांसद हुकुम सिंह के निधन के कारण लोकसभा की कार्रवाई स्थगित कर दी गई।

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम

Leave a Reply