राज्यमंत्री ने किया मेले का उद्घाटन-यहां युवाओं के सपने हुए साकार, मिला रोजगार
कटनी। आज के इस दौर में युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने से बड़ा पुण्य कार्य नहीं है। युवाओं को रोजगार दिलाने से जहां बूढ़े माता-पिता का सपना पूरा होता है, तो वहीं आज का युवा अपने पैरों पर खड़े होकर आगे बढ़ता है। बेरोजगार युवकों को रोजगार दिलाने एवं आत्मनिर्भर बनाने की पवित्र मंशा को लेकर सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम राज्यमंत्री संजय सत्येन्द्र पाठक की विशेष पहल पर उद्योग नगरी में कैमोर में रोजगार एवं स्वरोजगार मेले का आयोजन किया गया। जिसे जॉब फेयर का नाम दिया गया है। मध्यप्रदेश शासन के उद्योग एवं रोजगार विभाग के सहयोग से आयोजित रोजगार एवं स्वरोजगार मेले में कटनी ही नहीं वरन आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में आए करीब 5 हजार युवाओं ने इस मेले में भागीदारी देकर इसे सफल बनाया। इस जॉब फेयर की खास बात यह रही कि आधा सैकड़ा से अधिक कंपनियों ने युवाओं से बायोडाटा लेकर उनके इंटरव्यू लिए और उन्हें तत्काल नौकरी देकर उनके भविष्य को संवारने में सार्थक भूमिका की। नौकरी मिलने के बाद युवाओं की खुशी का ठिकाना नहीं रहा और उन्होंने राज्यमंत्री संजय सत्येन्द्र पाठक के इन प्रयासों की मुक्तकंठ से सराहना की।
राज्यमंत्री ने किया मेले का उद्घाटन
एसीसी ग्राउण्ड में आयोजित रोजगार एवं स्वरोजगार मेले का उद्घाटन राज्यमंत्री संजय सत्येन्द्र पाठक के मुख्य आतिथ्य में किया गया। श्री पाठक ने दीप प्रज्वलन कर मेले की शुरूआत की। दीप प्रज्वलन के बाद उद्योग और रोजगार विभाग के अधिकारियों ने अतिथियों का स्वागत किया। आईटीआई कटनी की छात्राओं ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। मंच पर उद्योग विभाग के असिस्टेंट डायरेक्ट श्री कुरील, उद्योग विभाग के महाप्रबंधक के के पाठक, जिला रोजगार अधिकारी श्री ध्रुवे, एसीसी के महाप्रबंधक पंकज शर्मा, एसआर हेड अनिल कुमार, नगर परिषर कैमोर के अध्यक्ष गणेश राव, उपाध्यक्ष पप्पू शर्मा व जनपद पंचायत विजयराघवगढ़ के उपाध्यक्ष सुरेन्द्र पांडे मौजूद रहे। उद्योग विभाग के महाप्रबंधक के के पाठक ने रोजगार एवं स्वरोजगार मेले की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि राज्यमंत्री संजय सत्येन्द्र पाठक की पहल पर कैमोर में यह मेला आयोजित कियसा गया है। मेले के लिए 45 कंपनियों को आमंत्रित किया गया था, जिसमे से 39 कंपनियां आ चुकी हैं। मेले में युवाओं से इंटरव्यू लेकर शाम 4 बजे के बाद उन्हें कॉल लेटर दिया जाएगा। नगर परिषर कैमोर के अध्यक्ष गणेश राव ने कहा कि कैमोर में पहली बार इतने बड़े स्तर पर रोजगार मेले का आयोजन किया गया है, जिसमे बड़ी संख्या में युवाओं को रोजगार से जोड़ा जा रहा है।
हर 3 महीने में होगा जॉब फेयर का आयोजन ः संजय पाठक
रोजगार एवं स्वरोजगार मेले को संबोधित करते हुए राज्यमंत्री संजय सत्येन्द्र पाठक ने कहा कि क्षेत्र के युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने का उनका यह पहला प्रयास है। यदि इसमे सफलता मिलती है तो हर तीन महीने में जिले में इस तरह के जॉब फेयर का आयोजन किया जाएगा। श्री पाठक ने कहा कि जब वे अपने विधानसभा क्षेत्र के दौरे पर जाते हैं, तो उन्हें अधिकांश लोग ऐसे मिलते हैं, जो उनसे अपने बच्चों को नौकरी दिलाने की बात करते हैं। उन्होंने कहा कि माता-पिता अपने बच्चे की पढ़ाई के लिए अपना पूरा जीवन लगा देते हैं और जब बेटा पढ़ लिख जाता है तो नौकरी के लिए दर-दर भटकता है। श्री पाठक ने कहा कि पिछले काफी दिनों से क्षेत्र के बेरोजगार युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए मेरे मन में इस तरह के जॉब फेयर का विचार चल रहा था। जिस पर उद्योग और रोजगार विभाग के माध्यम से आज कैमोर में यह जॉब फेयर आयोजित किया गया है। श्री पाठक ने युवाओं से आव्हान किया कि वे मन लगाकर पढ़ाई करें। अब उन्हें नौकरी के लिए चिंता करने की जरूरत नहीं है। युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे। श्री पाठक ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मप्र के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा चलाई जा रही रोजगार योजनाओं की भी जानकारी दी।
खुद का व्यवसाय शुरू कर कईयों को दिया रोजगार
राज्यमंत्री संजय सत्येन्द्र पाठक ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की भी यही मंशा है कि आज का युवा केवल नौकरी ही नहीं बल्कि अपना खुद का रोजगार स्थापित कर अन्य कई युवाओं को रोजगार देकर उनके जीविकोपार्जन में सहभागी बने। इसी उद्देश्य को लेकर ध्यान में रखकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा कई ऋण योजनाओं की शुरूआत की गई है। इन योजनाओं के माध्यम से सैकड़ों युवाओं ने बैंकों से ऋण लेकर अपना खुद का रोजगार स्थापित किया है और कई और युवाओं को रोजगार से जोड़ा है। यही कारण है कि जिले एवं क्षेत्र के बेरोजगार युवकों को जॉब दिलाने एवं उन्हें स्वरोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से विजयराघवगढ़ तहसील की औद्योगिक नगरी कैमोर में एक दिवसीय स्वरोजगार एवं रोजगार मेले का आयोजन कैमोर एसीसी स्कूल ग्राउंड में प्रदेश के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम विभाग एवं रोजगार विभाग के माध्यम से किया गया है।
आधा सैकड़ा कंपनियों आईं
कैमोर मेुं आयोजित इस मेले में 50 से अधिक बड़ी कंपनियों ने युवाओं को रोजगार प्रदान किया। के संचालक, प्रबंधक निर्देशक अथवा प्रमुख अधिकारी भाग लेंगे। जिसमे टाटा, एमेजान, मेमो, एलआईसी, एसआईएस सिक्योरिटी सर्विस अनूपपुर, आशीवार्द एग्रो लिमिटेड जबलपुर, भारत लाइन कॉप कंपनी, एवरेस्ट कैमोर, आईसीआईसी फाउंडेशन इंदौर, पोद्दार कॉल सेल्स, टाटा बेसर्स, बोनाज कैपिटल इंदौर, टाटा वीएस नोयडा, जयभारत मारूति अहमदाबाद, व्हील टैक्स भेापाल एवं अन्य कंपनी शामिल है। मेले में आए बेरोजगार युवाओं का रोजगार विभाग ने पंजीयन किया और योग्यतानुसार कंपनियों की तरफ इंटरव्यू हेतु अग्रेधित किया, जहां इंटरव्यू में सफल बेरोजगार युवाओं को जॉब दिया गया

