रक्षाबंधन पर्व की खरीदारी में गुजरा रविवार, बाजारों में रही चहल पहल

रक्षाबंधन पर्व की खरीदारी में गुजरा रविवार, बाजारों में रही चहल पह
कटनी(YASHBHARAT.COM)। भाई-बहन के अटूट विश्वास और पवित्र प्रेम का प्रतीक रक्षाबंधन का पर्व आगामी 28 अगस्त को बेहद हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। त्योहार में अब महज कुछ ही दिन शेष हैं, जिसके चलते बाजारों में रौनक अपने चरम पर पहुंच गई है। रविवार को रक्षाबंधन से पहले खरीदारी का आखिरी बड़ा मौका होने के कारण शहर सहित उपनगरीय क्षेत्रों के बाजारों में ग्राहकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
साप्ताहिक छुट्टी होने की वजह से लोग सपरिवार खरीदारी करने पहुंचे, जिससे कपड़े, मिठाई और उपहारों की दुकानों पर खासा भीड़ रही। सबसे ज्यादा उत्साह राखी के स्टॉलों पर दिखा, जहां बहनें अपने भाइयों के लिए रेशमी, फैंसी और डिजाइनर राखियां चुनती नजर आईं। बच्चों के लिए कार्टून कैरेक्टर राखियां मुख्य आकर्षण रहीं, जिससे दुकानदारों के चेहरे खिले रहे। राखियों के अलावा मिठाई, कपड़े, चॉकलेट, ड्राई फ्रूट्स और गिफ्ट आइटम की दुकानों पर भी ग्राहकों की अच्छी संख्या रही। कई लोग भाइयों के लिए राखी के साथ उपहार खरीदते नजर आए। वहीं, मिठाई की दुकानों पर भी त्योहार को देखते हुए विशेष पैकिंग और विभिन्न प्रकार की मिठाइयां तैयार की गई हैं। कारोबारियों का कहना है कि सोमवार से कामकाजी दिन के चलते बाजार में आने वाले ग्राहकों की संख्या में बदलाव हो सकता है, इसलिए रविवार को बड़ी संख्या में लोगों ने अपनी खरीदारी पूरी कर ली।
दुकानदार रामराज गुप्ता ने बताया कि कल 23 अगस्त को आखरी रविवार होने के कारण लोग ज्यादा खरीदारी करने आए। कई लोग एक सप्ताह पहले ही राखी भेज देते है। वहीं, दुकानदार झमकू का कहना है कि राखी में अब केवल चार दिन बचे हैं और इसके बाद लोगों की ऑफिस की छुट्टी भी नहीं होगी इसलिए पर्व के पहले पड़े रविवार के कारण लोगो ने जमकर खरीदारी की है।
27 अगस्त की सुबह से शुरू होगी पूर्णिमा तिथि
ज्योतिषाचार्यों के अनुसार, इस बार पूर्णिमा तिथि 27 अगस्त की सुबह 9 बजकर 8 मिनट से शुरू होकर 28 अगस्त की सुबह 9 बजकर 48 मिनट तक रहेगी। रक्षाबंधन के दिन राखी बांधने का श्रेष्ठ समय सुबह 5 बजकर 57 मिनट से 9 बजकर 48 मिनट तक बताया गया है। भद्रा का समय सूर्योदय से पहले समाप्त होने के कारण रक्षाबंधन को लेकर लोगों में विशेष उत्साह है।








