Site icon Yashbharat.com

यूपी सिकन्दरा उपचुनाव: बीजेपी के अजीत पाल की शानदार जीत

Untitled design 40 8

वेब डेस्क। सिकन्दरा उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने जीत दर्ज कर ली है. पार्टी के प्रत्याशी अजीत पाल ने समाजवादी पार्टी की सीमा सचान को 11870 वोटों से मात दी.

अजीत पाल ने कुल 73,307 मत हासिल किए. वहीं समाजवादी पार्टी की सीमा सचान ने 61,437 वोट हासिल किए. वहीं कांग्रेस प्रत्याशी प्रभाकर पांडेय काफी पीछे रहे. वह सिर्फ 19,086 वोट ही हासिल कर सके.

उधर दसवें राउंड के बाद तकनीकी कारणों से मतगणना थोड़ी देर के लिए रुकी. इसके बाद समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने हंगामा शुरू कर दिया. उन्होंने आरोप लगाया है कि प्रशासन उन्हें मतगणना स्थल पर प्रवेश नहीं दे रहा है. वहीं ईवीएम के लॉक को लेकर भी इन्होंने आरोप लगाए. दोनों ही दलों के कर्मियों को प्रशासन ने मौके से हटाया.

 दसवें दौर के बाद अजीत पाल को 24823 मत हासिल हुए. वहीं सपा प्रत्याशी को 23011, कांग्रेस के प्रभाकर को 5279 और निर्दलीय बउवा को 3144 वोट मिले.

इससे पहले सिकंदरा विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव में गुरुवार को कड़ी सुरक्षा के बीच शांतिपूर्ण ढंग से मतदान संपन्न हुआ. कोहरे और कड़ाके की ठंड के बावजूद 53 फीसदी मतदाताओं ने वोट डाले. आम चुनाव में इस सीट पर 60 फीसद से अधिक वोट पड़े थे.

मतदान के दौरान कहीं भी हंगामे या गड़बड़ी की शिकायत सामने नहीं आई. दो बूथों पर ईवीएम में तकनीकी दिक्कत से जरूर 10 मिनट तक मतदान प्रभावित रहा. प्रशासन ने तुरंत ईवीएम दुरुस्त करा मतदान शुरू कराया. इस साल फरवरी में हुए विधासभा चुनाव में सिकंदरा से बीजेपी के मथुरा पाल विजयी हुए थे. उनके असामयिक निधन के बाद यह सीट रिक्त चल रही थी.

Exit mobile version