मोहल्ला मुक्त कांग्रेस कैंपेन चलाएगी बीजेपी, कार्यकर्ता हर पडोस में जाकर करेंगे प्रचार

भोपाल : कांग्रेस मुक्त भारत के ऐलान के बाद बीजेपी अब एमपी में मोहल्ला मुक्त कांग्रेस कैंपेन चलाएगी। इस कैंपेन का प्रचार-प्रसार एमपी विधानसभा चुनाव में किया जाएगा। चुनाव से पहले बीजेपी के कार्यकर्ता हर मोहल्ले में जाकर कांग्रेस के खिलाफ प्रचार करेंगे।
कैंपेन का मकसद चुनावी समर में कांग्रेस को कमजोर करना है। बीजेपी का ‘मोहल्ला मुक्त कांग्रेस’ कैंपेन संघ के उस नैनो प्लान का हिस्सा है जिसमें उसने घर-घर तक अपनी ताकत मजबूत करने की योजना बनाई थी। इसी साल जनवरी में विदिशा में हुई संघ की समन्वय बैठक में संघ का मोहल्ला प्लान सामने आया था। उसमें हर मोहल्ले से 10-10 लोगों को संघ के कार्यक्रम में बुलाया गया था। इस बैठक में संघ प्रमुख मोहन भागवत भी शामिल हुए थे।
इससे पहले बीजेपी ‘कमल सखी’ कैंपेन शुरू करने की घोषणा कर ही चुकी है। इसमें सांसदों और विधायकों की पत्नियां चुनाव प्रचार में उतरकर जनता को सरकारी योजनाओं के बारे में बताएंगी। सांसद-विधायकों की पत्नियों को दिल्ली में ट्रेनिंग दी गई। प्रशिक्षण वर्ग में खुद बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह और केंद्रीय मंत्री शामिल हुए। माना जा रहा है कि चुनाव से पहले सांसद और विधायकों की पत्नियां उज्ज्वला और संबल जैसी उन योजनाओं का प्रचार प्रसार करेंगी जो सीधे तौर पर महिलाओं से जुड़ी हुई हैं।








