मोदी सरकार के 4 सालः अमित शाह ने कहा- मोदी 15 घंटे काम करने वाले PM
नई दिल्ली। मोदी सरकार के केंद्र में 4 साल पूरे हो चुके हैं और इस मौके पर भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए मोदी सरकार का रिपोर्ट कार्ड पेश किया। इस दौरान उन्होंने मोदी सरकार द्वारा चलाई गई योजनाओं के अलावा विकास के लिए किए गए कामों की भी जानकारी दी।
शाह ने कहा कि भाजपा ने सबसे मेहनती और सर्वाधिक पंसद किए जाने वाले पीएम दिए हैं। पीएम जो 15-18 घंटे काम करते हैं, हमे गर्व है कि वो हमारी पार्टी के नेता है। भाजपा को गौरव है कि मोदी जी के नेतृत्व में हमने भ्रष्टाचार विहीन, कड़े फैसले करने वाली और गरीब-गांव-किसानों के हितों को समझने वाली सरकार दी है।
शाह ने आगे कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार ने परिवारवाद, तुष्टिकरण और जातिवाद की राजनीति को बदलकर पॉलिटिक्स ऑफ़ परफॉरमेंस को आगे बढ़ाने का काम किया है। साथ ही मोदी सरकार ने ‘सबका साथ – सबका विकास’ के सूत्र को चरितार्थ करने का काम किया है। हमने स्व-रोजगारी को बढ़ावा देकर करोड़ों लोगों को रोजगारी देने का काम किया है। हमने एक भी घोटाले के बिना लाखों-करोड़ के इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स को पूरा करने का काम किया है।
शाह ने आगे कहा कि, कृषि बजट को दोगुना करने वाली ये पहली सरकार है। भारत आज सबसे तेज गति से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्था बन कर विश्व की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुकी है।

