मोदी के मंत्री ने राहुल गांधी को बताया ‘पूंछ का बाल’
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने मंत्रियों के बोलने पर लगाम नहीं लगा पा रहे हैं। इसी का नतीजा है कि एक के बाद एक केंद्रीय मंत्री बेतुके बयान दे रहे हैं। केंद्रीय कौशल विकास राज्यमंत्री अनंत कुमार हेगड़े के बयान पर मचा बवाल अभी थमा भी नहीं था कि मोदी के एक और मंत्री ने विवादास्पद बयान दे डाला है। ग्रामीण विकास मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को ‘पूंछ का बाल’ करार दिया है। साथ ही पीएम मोदी को ‘मूंछ का बाल’ बाताया है। केंद्रीय मंत्री ने एक जनसभा को संबोधित करते हुए यह बात कही है।
केंद्रीय मंत्री नरेंद्र तोमर एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राहुल गांधी को लेकर विवादित बयान दिया है। उन्होंने गुजरात विधानसभा चुनाव का संदर्भ देते हुए यह टिप्पणी की है। केंद्रीय मंत्री ने कहा, ‘गुजरात का चुनाव आया। वहां भी दो-तीन लड़के थे। राहुल को लगा कि पहले दो से काम नहीं चला तो चलो अब तीन से समझौता कर लिया जाए।
उनके साथ मिलकर हम चार हो जाएंगे और नरेंद्र मोदी को चुनौती दी जा सकेगी। लेकिन, आपलोग जानते हैं कि नरेंद्र मोदी और कांग्रेस के नेता में इतनी दूरी का अंतर है, जितना मूंछ के बाल और पूंछ के बाल में होता है।’ मालूम हो कि गुजरात विधानसभा चुनावों में राहुल गांधी ने हार्दिक पटेल, जिग्नेश मेवाणी और अल्पेश ठाकोर के साथ समझौता किया था। इसके बावजूद बीजेपी ने गुजरात चुनाव में जीत हासिल करने में सफलता हासिल की थी। हालांकि, भाजपा को दो दशकों में पहली बार सौ से कम सीटें आई थीं।








