मार्च और अप्रैल में देना है LIC का प्रीमियम, तो हो जाएं निश्चिंत, 30 दिनों का समय और मिलेगा
नई दिल्ली। जीवन बीमा निगम ने शनिवार को COVID-19 के मद्देनजर पॉलिसीधारकों के मार्च और अप्रैल 2020 के प्रीमियम को जमा करने के लिए 30 दिनों के विस्तार की घोषणा की है। पॉलिसी धारकों द्वारा सामना की जा रही कठिनाइयों के मद्देनजर एलआईसी ने यह कदम उठाया है। बीमा कंपनी ने एक बयान में कहा कि फरवरी के प्रीमियम के लिए, जिसमें 22 मार्च के बाद ग्रेस पीरियड खत्म हो रहा था, उन्हें 15 अप्रैल तक छूट की अनुमति दी गई है।
इसके अलावा यह कहा गया कि जहां भी पॉलिसियां अच्छे स्वास्थ्य के किसी भी सबूत के फिर से रिवाइव की जा सकती हैं। उनका भुगतान ऑनलाइन भी किया जा सकता है। एलआईसी के पॉलिसीधारक बिना किसी सेवा शुल्क के एलआईसी के डिजिटल भुगतान विकल्पों के माध्यम से प्रीमियम का भुगतान कर सकते हैं। यह भी बताया गया है कि पॉलिसीधारकों को प्रीमियम का भुगतान करने के लिए वेबसाइट पर पंजीकरण करने की जरूरत नहीं है। वे सिर्फ मूल विवरण देकर सीधे भुगतान कर सकते हैं।
प्रीमियम का भुगतान मोबाइल ऐप LIC पे डायरेक्ट डाउनलोड करके भी किया जा सकता है। पॉलिसी प्रीमियम नेट बैंकिंग, डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड और पेटीएम, फोनपे, गूगल पे, भीम, यूपीआई जैसे अन्य भुगतान ऐप के माध्यम से स्वीकार किए जाते हैं। प्रीमियम का भुगतान ब्लॉक स्तर पर काम कर रहे सभी आईडीबीआई और एक्सिस बैंक शाखाओं में और कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) के माध्यम से नकद में किया जा सकता है।

