माझी समाज शुरू करेगा नि:शुल्क सिलाई प्रशिक्षण केन्द्र
कटनी। माझी समाज जिला इकाई कटनी की एक अतिमहत्वपूर्ण बैठक जिलाध्यक्ष महेश सोंधिया के आधारकाप स्थित निवास पर विगत रविवार को आयोजित की गई।
समाज की निर्धन महिलाओं को सिलाई और कन्याओं को मिलेगी कम्प्यूटर की ट्रेनिंग
जिलाध्यक्ष के निवास पर बैठक में लिया गया निर्णय

बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में जिला कोषाध्यक्ष एडव्होकेट दिनेश बर्मन और बैठक की अध्यक्षता संरक्षक रामस्वरूप वर्मा ने की। बैठक के प्रारंभ में पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने माझी समाज के कुलगुरू गुहराज निषादराज जी के तैलचित्र पर माल्यार्पण करते हुए दीप प्रज्वलन किया, इसके उपरांत मुख्य अतिथि श्री बर्मन एवं अध्यक्षता कर रहे श्री वर्मा का स्वागत पुष्पहारों से किया गया।

बैठक की शुरूआत में जिलाध्यक्ष महेश सोंधिया ने बैठक के आयोजन के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि अपै्रल के महीने में माझी समाज द्वारा सामूहिक आदर्श विवाह का सफल आयोजन नगर निगम कम्युनिटी हॉल में किया गया था। जिसमे दो दर्जन से अधिक जोड़ों के विवाह हिन्दू रीति रिवाज से संपन्न करवाए गए थे। श्री सोंधिया ने इस आयोजन में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग देने वाले सभी दानदाताओं और सहयोगियों का हृदय से आभार व्यक्त किया और सभी से आगे भी इसी तरह के सहयोग की अपेक्षा की। श्री सोंधिया ने यह भी बताया कि माझी समाज द्वारा आगामी कार्यक्रमों के लिए एक रूपरेखा तैयार की गई है, जिसमे सर्वप्रथम समाज की धर्मशाला का निर्माण कराया जाना है, इसके लिए जमीन की तलाश की जा रही है।
आयोजन में महिलाओं ने दी अपनी हिस्सेदारी
जिला उपाध्यक्ष श्रीमती वर्षा रैकवार ने कहा कि आयोजन में महिलाओं ने बढ़-चढ़कर अपनी हिस्सेदारी दी, जिससे आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हो सका। जिला मंत्री प्रकाश रैकवार ने कहा कि माझी समाज का एकमात्र लक्ष्य अब समाज की धर्मशाला का निर्माण है, इसके लिए सभी सहयोग प्रदान करें। संरक्षक दीपक माझी ने बताया कि राज्य सरकार के समक्ष जनजाति समस्या का निराकरण कराने के लिए प्रयास तेज हो गए हैं और जल्द ही इसमे सफलता मिलने वाली है। नगर अध्यक्ष आशीष रैकवार ने कहा कि समाज के निर्धन तबके की महिलाओं को सिलाई का नि:शुल्क प्रशिक्षण और कन्याओं को कम्प्यूटर की नि:शुल्क शिक्षा प्रदान करने के लिए आधारकाप में एक ट्रेनिंग सेंटर खोला जा रहा है। जल्द ही इसका शुभारंभ किया जाएगा। संरक्षक योगेश सोंधिया, श्रीमती रजनी बर्मन, कोषाध्यक्ष दिनेश बर्मन एवं महिला जिलाध्यक्ष श्रीमती ज्योति बर्मन ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
समाज के लिए दी 11 हजार की राशि
माझी समाज के जिलाध्यक्ष महेश सोंधिया की धर्मपत्नी एवं माझी समाज महिला मंडल की कार्यकारिणी सदस्य श्रीमती किरण सोंधिया ने अपनी ओर से 11 हजार रूपए की राशि समाज को प्रदान की है। जिस पर बैठक में उपस्थित सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने उनका आभार व्यक्त किया। जिलाध्यक्ष महेश सोंधिया ने बताया कि यह राशि माधवनगर की पहाड़ी पर विकसित हो रहे पार्क के विकास और निर्माण कार्यों के लिए प्रदान की जाएगी। 

सोनू सोंधिया का सम्मान
माझी समाज के विभिन्न कार्यक्रमों में बिना स्वार्थ एवं सर्मपण भाव से सेवाएं देने वाले सजावट मंत्री सोनू सोंधिया का माझी समाज जिला कटनी द्वारा स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मान किया गया। सोनू ने सम्मान के लिए सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज की नि:स्वार्थ सेवा में जो खुशी मिलती है, वो अन्य कार्यों में नहीं मिलती।

इनकी रही उपस्थिति
बैठक में वंशीलाल बर्मन, महामंत्री प्रकाश सोंधिया, सचिव सचिन कश्यप, उप कोषाध्यक्ष रमेश रैकवार, नगर उपाध्यक्ष नितिन रैकवार, सुरेश बर्मन देवगांव, नुपूर रैकवार, प्रदीप रैकवार, भीम बर्मन, दुर्गेश बर्मन, ओमप्रकाश सोंधिया, राजकुमार सोंधिया, किशन बर्मन, नरेश बर्मन, प्रेमलाल बर्मन, श्रीमती शिवकुमारी कश्यप, श्रीमती रेनू रैकवार, श्रीमती रीतू बर्मन, श्रीमती गीता रैकवार, श्रीमती सवित्री बर्मन, श्रीमती विद्या रैकवार, पुष्पाजंली सोंधिया, अंजली सोंधिया, ग्लोरी कश्यप, हनी कश्यप सहित अन्य पदाधिकारियों की उपस्थिति रही।

