महाराष्ट्र के सांगली, जलगांव नगरपालिका चुनाव में बीजेपी की बड़ी जीत
मुम्बई। महाराष्ट्र में मराठा आरक्षण आंदोलन के बीच जलगांव और सांगली नगर पालिका चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने सहयोगी शिवसेना को जबरदस्त पटखनी दी है। बीजेपी ने जलगांव नगरपालिका की 75 सीटों में से 57 सीटों पर जीत दर्ज की और सांगली नगरपालिका चुनाव में 78 सीटों में से 41 सीटें हासिल करके जीत का परचम फहराया। विपक्षी पार्टियों कांग्रेस और एनसीपी को भी इस चुनाव में हार का सामना करना पड़ा है।
राज्य और केंद्र में शिवसेना की सहयोगी बीजेपी ने जलगांव नगर निगम (जेएमसी) में 75 सीटों में से 57 सीटें जीती। शिवसेना नेता सुरेश जैन की खांदेश विकास आघाडी (केवीए) केवल 13 सीटें जीत सकीं। केवीए ने पिछले कई वर्षों तक जेएमसी में शासन किया। स्थानीय संगठन केवीए ने इन बार शिवसेना के चिह्न पर चुनाव लड़ा था और जेएमसी में उसकी 36 सीटें थीं।
वहीं ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) ने तीन सीटों पर जीत दर्ज की जबकि दो सीटों पर निर्दलीय उम्मीदवारों ने जीत हासिल की। एनसीपी को एक भी सीट नहीं मिली जबकि पहले उसके नगर निकाय में 11 पार्षद थे। कांग्रेस जलगांव में लगातार दूसरी बार अपना खाता भी नहीं खोल सकी। बीजेपी ने सांगली-मिराज-कुपवाड नगरपालिका में 78 में से 41 सीटें हासिल करके जीत हासिल की और कांग्रेस को सत्ता से बेदखल कर दिया।
पश्चिमी महाराष्ट्र नगर निकाय में वर्तमान में सत्तारूढ़ पार्टी कांग्रेस को केवल 20 सीटों पर जीत हासिल हुई जबकि उसकी सहयोगी पार्टी एनसीपी को केवल 15 सीटें मिली। वहीं अन्य को दो सीटों पर जीत मिली। बीजेपी का इस नगर निकाय में एक भी पार्षद नहीं था। इन दोनों नगरपालिकाओं में एक अगस्त को मतदान हुआ था और शनिवार को वोटों की गिनती हुई।
पीएम ने दी बधाई
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने महाराष्ट्र की दो नगरपालिकाओं के चुनाव में भाजपा की जीत के बाद पार्टी में अपना ‘‘विश्वास’’ बनाये रखने के लिए राज्य की जनता को धन्यवाद दिया। भाजपा ने सांगली नगरपालिका क्षेत्र में कांग्रेस-राकांपा गठबंधन को हराकर बड़ी जीत हासिल की और जलगांव नगरपालिका में जीत दर्ज करके शिवसेना को करारा झटका दिया है।
प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट किया,‘‘महाराष्ट्र में भाजपा के लिए प्रभावशाली जीत। जलगांव में अच्छा प्रदर्शन और सांगली में उत्कृष्ट जीत। मैं विश्वास बनाये रखने के लिए महाराष्ट्र के लोगों का धन्यवाद करता हूं।’’ प्रधानमंत्री ने कहा,‘‘मैं सीएम देवेन्द्र फडणवीस, राव साहेब दानवे और महाराष्ट्र भाजपा की पूरी टीम की कड़ी मेहनत की भी सराहना करता हूं।’’
भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने भी जीत की सराहना की है। उन्होंने कहा,‘‘महाराष्ट्र में भाजपा के लिए समर्थन जारी रहने से पता चलता है कि लोगों की इच्छा बेहतर जीवन के लिए है, जो मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस के नेतृत्व में राज्य सरकार और केन्द्र की मोदी सरकार दे रही है और महाराष्ट्र को ऊंचाइयों पर ले जाने की प्रतिबद्धता को पूरा किया जा रहा है।’’

