Aaryan khan Case महाराष्ट्र सरकार में मंत्री और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के नेता नवाब मलिक ने गुरुवार को नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) को निशाने पर लिया और कई गंभीर आरोप लगाए। मलिक ने कहा, सुशांत सिंह राजपूत आत्महत्या मामले के बाद, एनसीबी ने एक विशेष अधिकारी की नियुक्ति की।
सीबीआई इस मामले की जांच कर रही थी। मौत की गुत्थी तो नहीं सुलझ पाई लेकिन फिल्म उद्योग में एनसीबी की दखलअंदाजी शुरू हो गई।
इसके साथ ही उन्होंने आर्यन खान मामले में जांच कर रहे एनसीबी अधिकारी समीर वानखेड़े को भी निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि कोविड के दौरान पूरा फिल्म उद्योग मालदीव में था…
अधिकारी और उनका परिवार भी वहीं था। वानखेड़े को अपनी दुबई और मालदीव यात्रा के बारे में स्पष्टीकरण देना चाहिए। मलिक ने कहा कि हमें पूरा विश्वास है कि यह उगाही मालदीव और दुबई में हुई, हम जल्द ही इसकी तस्वीर भी उपलब्ध कराएंगे।
मलिक ने कहा कि रिया चक्रवर्ती को गलत तरीके से फंसाया गया, अन्य लोगों को फंसाने की कोशिशें भी की गई थीं। नवाब मलिक ने आगे कहा, ‘एनसीबी के पास एक कठपुतली है- वानखेड़े।
वह लोगों के खिलाफ फर्जी मामले उठाते हैं। मैं वानखेड़े को चुनौती देता हूं कि एक साल के अंदर वह अपनी नौकरी से हाथ धो बैठेंगे। आप हमें जेल पहुंचाना चाहते हैं, इस देश के लोग आपको सलाखों के पीछे भेजने से पहले शांत नहीं बैठने वाले।’
‘कोई कितना भी दबाव डाल ले किसी से डरने वाला नहीं हूं’
एनसीपी नेता ने कहा, बताइए आपके पीछे कौन है, जो दबाव डाल रहा है? कोई मुझ पर कितना भी दबाव डाल ले नवाब मलिक किसी से डरने वाला नहीं है।
मैं आज ये स्पष्ट कर देना चाहता हूं कि मैं तब तक नहीं रुकूंगा जब तक आपको जेल में नहीं पहुंचा देता। मलिक ने कहा कि हमारे पास फर्जी मामलों के सबूत हैं।

