मनेरी में मौत का तांडव देख स्तब्ध लोग, भाजपा नेता सहित 6 लोगों की हत्या, 5 गंभीर, पढ़ें- पूरी खबर
जबलपुर। यह किसी फ़िल्म का सीन नहीं यह हकीकत थी जिसे जिसने भी देखा वह स्तब्ध रह गया परिवार एक दूसरे की जान लेने कैसे राक्षस बन जाता है यह सब कल बीजाडांडी के मनेरी में देखने को मिला।
जबलपुर-मंडला जिले की सीमा पर स्थित औद्योगिक क्षेत्र मनेरी में बुधवार दोपहर पारिवारिक जमीनी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और छह लोगों की हत्या हो गई जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। मृतकों में स्थानीय भाजपा नेता रज्जन सोनी, उनका बेटा बिन्नू सोनी, बेटी रानू सोनी, रज्जन सोनी के समधी के अलावा बिन्नू सोनी के भी दो बेटे शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार पारिवारिक जमीनी विवाद की रंजिश के चलते मनेरी निवासी रज्जन सोनी पर उनके ही परिवार के संतोष सोनी और हरि सोनी ने तलवार से हमला कर दिया, जिसमें मौके पर ही चार लोगों की मौत हो गई जबकि दो लोगों ने अस्पताल में दम तोड़ा।
घटना से आक्रोशित ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर एकत्र हो गए और उन्होंने हमलावरों को बुरी तरह से पीटा, जिसके कारण वे भी गंभीर बताए जा रहे हैं। साथ ही स्थानीय सूत्र एक हमलावर को गोली लगने की बात भी कह रहे हैं पर आधिकारिक रूप से इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है। घायलों को जबलपुर मेडिकल कॉलेज ले जाया गया है। मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है। मनेरी बीजाडांडी थाना क्षेत्र (मंडला) में आता है।
तलवार तब तक चलेगी जब तक सब खत्म न हो जाएं
मनेरी में मौत का तांडव जिसने देखा उसकी रूह कांप गई। आरोपित संतोष सोनी और हरि सोनी हाथ में तलवार लहराते हुए चिल्ला रहे थे कि तलवार तब तक नहीं रुकेगी जब तक पूरा परिवार खत्म नहीं हो जाता।
एक आरोपित को पुलिस ने पैर में गोली मारी
बताया जा रहा है कि घटना में पुलिस द्वारा एक आरोपित को पैर में गोली मारे जाने की खबर है, घायल आरोपित को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोपित संतोष सोनी और हरि सोनी के आतंक को देखकर क्षेत्रीय लोगों का गुस्सा भी भड़क गया और भीड़ ने दोनों की जमकर धुनाई की।

