Wednesday, April 29, 2026
Latest:
Latestराष्ट्रीय

मध्‍य प्रदेश में दो दिन बाद गर्मी से राहत मिलने के आसार

भोपाल । नौतपा में गर्मी के तेवर तीखे बने हुए हैं। मंगलवार को प्रदेश के छतरपुर, ग्वालियर, रीवा, सीधी, खरगोन, सतना, दमोह, टीकमगढ़, खंडवा और नरसिंहपुर में लू चली। 25 स्थानों पर दिन का अधिकतम तापमान 43 से 46 डिग्री के मध्य दर्ज किया गया। भीषण गर्मी का जनजीवन पर असर पड़ा।लोग दिनभर गर्मी से बेहाल रहे।

दो दिन बाद तापमान में गिरावट आने की संभावना

मौसम केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार राजधानी भोपाल में अधिकतम तापमान 44 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक दो दिन बाद प्रदेश के तापमान में गिरावट आने की संभावना है।

प्रदेश में इन स्‍थानों पर रहा सर्वाधिक तापमान

मौसम विज्ञान केंद्र के प्रवक्ता के मुताबिक प्रदेश में सबसे अधिक 46 डिग्री तापमान खजुराहो, खरगोन, रीवा, ग्वालियर और नौगांव में रिकॉर्ड किया गया।

एक वरिष्ठ मौसम विज्ञानी ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि वर्तमान में पंजाब और उसके आस-पास एक ऊपरी हवा का चक्रवात बन गया है। उनके अनुसार इसके अतिरिक्त मंगलवार को हवाओं का रुख भी दक्षिण-पश्चिमी हुआ है। इससे अधिकतम तापमान में कई स्थानों पर मामूली गिरावट भी दर्ज हुई है।

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम