मध्यप्रदेश के 16 शहरों के बीच चलाई जाएंगी 1600 बसें

भोपाल (ब्यूरो)। नगरीय विकास विभाग मप्र के 16 शहरों के बीच 1600 बसें चलाएगा। यह बसें भोपाल, इंदौर में प्राइवेट कंपनियां गठित कर संचालित की जा रही बसों की तरह ही चलेंगी। हब एंड स्पोक मॉडल पर चलने वाली इन बसों की शुरुआत 25 जून को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान करेंगे।
लोक परिवहन को बेहतर बनाने के लिए अमृत परियोजना के तहत यह बस सेवा शुरू की जा रही है। माना जा रहा है कि इस बस सेवा से 80 फीसदी क्षेत्र अंतर शहरी मार्गों से कवर हो जाएगा।
यह बसें ग्वालियर, देवास, मुरैना, सतना, सागर, रतलाम, रीवा, कटनी, सिंगरौली, छिंदवाड़ा, खंडवा, बुरहानपुर, गुना, भिंड, शिवपुरी और विदिशा में शुरू की जा रही हैं।
गौरतलब है कि भोपाल, इंदौर, जबलपुर और उज्जैन में पहले ही इन बसों का संचालन हो रहा है। नगरीय विकास विभाग ने बस संचालन के लिए अलग-अलग सेक्टर बनाए हैं।
माना जा रहा है कि इन बस सेवाओं की शुरुआत से प्राइवेट बस संचालकों की मनमानी पर रोक लगेगी। इन शहरों में बस संचालन के लिए भोपाल सिटी लिंक लिमिटेड की तर्ज पर कंपनी का गठन भी कर लिया गया है।








