मध्यप्रदेश

मध्य प्रदेश मौसम: रात में ठंड बरकरार, दो दिन बाद बारिश होने के आसार

भोपाल । हवाओं का रुख बार-बार बदलने से तापमान में मामूली उतार-चढ़ाव का सिलसिला जारी है। दिन भी धूप में चुभन महसूस हो रही है, तो रात में ठंडक बरकरार है। शुक्रवार को मध्य प्रदेश में सबसे कम तापमान आठ डिग्री सेल्सियस उमरिया एवं पचमढ़ी में रिकार्ड किया गया। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक दो-तीन दिन तक मौसम का मिजाज इसी तरह बना रहेगा। 15 फरवरी के बाद प्रदेश के कुछ स्थानों पर बादल छाएंगे और बरसात होने की भी संभावना है। इस कारण यही मौसम आगे कुछ दिनों तक ऐसे चलने की उम्मीद है। मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक वर्तमान में कोई वेदर सिस्टम सक्रिय नहीं है। इस वजह से मौसम शुष्क बना हुआ है। आसमान साफ रहने के कारण धूप में तल्खी महसूस होने लगी है। मौसम विज्ञानी पीके साहा ने बताया कि वर्तमान में हवा का रुख उत्तर-पश्चिमी और उत्तर-पूर्वी हो रहा है।

उत्तर भारत की तरफ से आने वाली सर्द हवाओं के कारण दिन का तापमान अधिक नहीं बढ़ पा रहा है। साथ ही रात में ठंड बरकरार है। इस तरह की स्थिति तीन दिन तक बनी रहेगी। 15 फरवरी को प्रदेश में पूर्वी हवाओं का ट्रफ (द्रोणिका लाइन) बनने जा रहा है। इस सिस्टम के कारण बंगाल की खाड़ी से प्रदेश के वातावरण में आद्रता बढ़ने लगेगी। इससे बादल छाएंगे। 16 से 19 फरवरी के बीच प्रदेश के भोपाल, होशंगाबाद, इंदौर, उज्जैन, जबलपुर, शहडोल संभाग के जिलों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की भी संभावना है।

Back to top button