मंत्री नहीं बनने से खफा विश्नोई का सरकार पर तंज- ‘महाकोशल अब उड़ नहीं, फड़फड़ा सकता है
जबलपुर। मंत्री मंडल में जगह नहीं मिलने से खफा जबलपुर की पाटन विधानसभा क्षेत्र के विधायक अजय विश्नोई ने सरकार पर हमला बोल दिया है। उन्होंने कैबिनेट विस्तार के चंद घंटे बाद ही इंटरनेट मीडिया में महाकोशल और विंध्य की उपेक्षा को लेकर नाराजगी जाहिर कर दी है। उन्होंने कहा कि ‘महाकोशल अब उड़ नहीं सकता है फड़फड़ा सकता है।
उन्होंने अपने संदेश में लिखा कि ग्वालियर, चंबल, भोपाल, मालवा क्षेत्र का हर दूसरा भाजपा का विधायक मंत्री है जबकि सागर और शहडोल संभाग का हर तीसरे भाजपा विधायक को मंत्रीमंडल में जगह दी गई है लेकिन महाकोशल में जहां 13 भाजपा विधायक में एक तथा रीवा संभाग से 18 भाजपा विधायक में एक को राज्य मंत्री बनाया गया है।
अजय विश्नोई ने कहा कि महाकोशल और विंध्य की उपेक्षा से अब वह फड़ाफड़ा ही सकता है उड़ नहीं सकता। वे वहीं नहीं थमे उन्होंने कहा कि महाकोशल और विंध्य को अब खुश रहने की आदत डालनी होगी। खुशामद करते रहना होगा। याद रहे कि इससे पहले भी सरकार बनने के बाद मंत्री मंडल विस्तार के बाद अजय विश्नोई ने सरकार पर हमला किया था लेकिन उस समय संगठन ने उप चुनाव का हवाला देकर उन्हें इंतजार करने की नसीहत दी थी। अब जबकि उपचुनाव के बाद बीते रविवार को मंत्री मंडल में दो मंत्री दोबारा शामिल हुए है उसके बाद अजय विश्नोई की नाराजगी सार्वजनिक हुई है।
सिंधिया गुट के मंत्री: गत दिवस शिवराज सरकार में मंत्री मंडल की शपथ लेने वाले दोनों ही मंत्री भाजपा नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया के करीबी बताए जाते हैं। उन्हीं के दवाब में उन्हें सरकार में वापस मंत्री पद दिया गया है। इधर महाकोशल और विध्य के कई विधायक है जो वरिष्ठता के बावजूद मंत्री मंडल में जगह नहीं मिलने से खफा है।
वादा किया था प्रदेश अध्यक्ष ने: मंत्री मंडल विस्तार से एक दिन पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा जबलपुर प्रवास पर आए थे उस वक्त भी उनसे पत्रकारों से मंत्री मंडल में महाकोशल को जगह मिलने पर सवाल किया था तब उन्होंने इंतजार करने के साथ जगह देने का भरोसा दिलाया था।

