भोपाल में स्पा सेंटर की आड़ में चल रहे देह व्यापार का भंडाफोड़, कमिश्नर की गुप्त टीम की बड़ी कार्रवाई
भोपाल। राजधानी भोपाल में स्पा सेंटरों की आड़ में संचालित संदिग्ध गतिविधियों पर पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। शनिवार को पुलिस कमिश्नर संजय कुमार की गुप्त टीम ने मानसरोवर और शिवाजी नगर स्थित दो स्पा सेंटरों पर अचानक दबिश दी। इस गुप्त कार्रवाई की भनक स्थानीय एमपी नगर थाना पुलिस तक को नहीं लगने दी गई।
ऐसे हुआ मामले का भंडाफोड़
एसीपी गोविंदपुरा के निर्देशन में पुलिस टीम ने सबसे पहले मानसरोवर स्थित मेपल स्पा की जांच की, जहाँ गतिविधियां सामान्य पाई गईं। इसके बाद टीम ने शिवाजी नगर स्थित ‘मिलेनियम स्पा’ पर कार्रवाई की योजना बनाई।
पुलिस ने एक युवक को फर्जी ग्राहक (पंटर) बनाकर स्पा के रिसेप्शन पर भेजा। युवक ने वहाँ मसाज के साथ ‘एक्स्ट्रा सर्विस’ की बात की। रिसेप्शन पर उससे 1000 रुपये एंट्री फीस और 3000 रुपये महिला को एक्स्ट्रा सर्विस के लिए सीधे देने का सौदा तय हुआ।
छापेमारी में मिला आपत्तिजनक सामान और चिह्नित नोट
इशारा मिलते ही पुलिस टीम ने अंदर दबिश दी। काउंटर पर रिसेप्शनिस्ट अमन रजक और एक महिला मौजूद मिली, जबकि रूम नंबर-4 में पंटर एक महिला के साथ मिला। तलाशी लेने पर महिला के पास से 500-500 रुपये के 6 नोट बरामद हुए, जिनके सीरियल नंबर वही थे जो पुलिस ने कार्रवाई से पहले पंटर को दिए थे।
कमरे और काउंटर की तलाशी में तीन पैकेट कंडोम, इस्तेमाल किया हुआ कंडोम और खुला रैपर बरामद हुआ। इसके अलावा काउंटर से 5,500 रुपये नकद भी जब्त किए गए।
देह व्यापार का फिक्स रेट
पूछताछ के दौरान आरोपी महिला ने खुलासा किया कि स्पा में बॉडी-टू-बॉडी मसाज के लिए 1,000 रुपये और शारीरिक संबंध बनाने के लिए 3,000 रुपये लिए जाते थे। उसने बताया कि इस कमाई का 50 फीसदी हिस्सा रिसेप्शनिस्ट अमन रजक, स्पा मालिक रवि वर्मा और पूजा मैडम के पास जाता था।
पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
