
लखनऊ। भारत ने विंडीज के साथ खेली जा रही टी-20 सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली है। लखनऊ में मंगलवार को खेले गए दूसरे मैच में भारत ने वेस्टइंडीज को 71 रन से हराया। इस जीत के साथ ही भारत ने लगातार आठवीं सीरीज जीत ली है। भारत पिछली बार 2017 में वेस्टइंडीज से 1-0 से हारा था। उसके बाद टीम इंडिया सात द्विपक्षीय सीरीज और एक टी-20 टूर्नामेंट जीती। न्यूजीलैंड से एक सीरीज ड्रॉ रही थी। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में दो विकेट पर 195 रन बनाए। विंडीज 20 ओवर में 124 रन ही बना सका।
भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने 111 रन की पारी खेली। यह उनका इस फॉर्मेट में चौथा शतक है। वे ऐसा करने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन गए। उन्होंने न्यूजीलैंड के कॉलिन मुनरो (तीन शतक) को पीछे छोड़ा।
रनों के मामले में केवल गुप्टिल से पीछे रोहित
रोहित टी-20 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले दुनिया के दूसरे बल्लेबाज बन गए। उनके नाम 86 मैच में 2,203 रन हो गए। रोहित से आगे सिर्फ न्यूजीलैंड के मार्टिन गुप्टिल हैं। उन्होंने 75 मैच में 2,271 रन बनाए हैं। रोहित ने अपनी पारी में 11वां रन बनाते ही विराट कोहली को पीछे छोड़ा, जिन्होंने 62 मुकाबलों में 2,102 रन बनाए हैं। रोहित अब सबसे ज्यादा टी-20 रन बनाने वाले भारतीय बन गए हैं।