Sunday, May 10, 2026
Latest:
LatestSportsक्रिकेटखेल

भारत का वनडे सीरीज पर 3-1 से कब्जा, पांचवां मैच 9 विकेट से जीता

तिरुवनंतपुरम। रवींद्र जडेजा (4 विकेट) की अगुवाई में गेंदबाजों के उम्दा प्रदर्शन के बाद रोहित शर्मा के अर्द्धशतक (63 नाबाद) की मदद से भारत ने गुरुवार को वेस्टइंडीज को पांचवें वनडे में 9 विकेट से रौंदा। वेस्टइंडीज की पारी को 31.5 ओवरों में 104 रनों पर समेटने के बाद टीम इंडिया ने 14.5 ओवरों में 1 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल किया। भारत ने इसी के साथ पांच मैचों की सीरीज पर 3-1 से कब्जा जमाया। यह भारत की अपनी धरती पर वनडे में लगातार छठी सीरीज जीत हैं।

वेस्टइंडीज की पारी 104 रनों पर सिमटी। यह वेस्टइंडीज का भारत के खिलाफ वनडे में न्यूनतम स्कोर है। इससे पहले उसका न्यूनतम स्कोर 121 था जो उसने 1997 में पोर्ट ऑफ स्पेन में बनाया था।

मामूली लक्ष्य का पीछा करने उतरे भारत को पहला झटका तब लगा जब शेन थॉमस की गेंद को शिखर धवन स्टम्प्स पर खेल बैठे। उन्होंने 6 रन बनाए। इसके बाद रोहित और विराट (33 नाबाद) ने भारत को आसानी से जीत दिलाई। रोहित 56 गेंदों में 5 चौकों और 4 छक्कों की मदद से 63 रन बनाकर नाबाद रहे।

वेस्टइंडीज ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। भुवी ने पहले ही ओवर में इंडीज को पहला झटका दिया जब उन्होंने किरोन पॉवेल को विकेटकीपर धोनी के हाथों झिलवाया। मेहमान टीम अभी इस सदमे से उबरी भी नहीं थी कि बुमराह ने अगले ओवर में शाई होप को बोल्ड कर दिया।

मार्लोन सैमुअल्स से बड़ी पारी की उम्मीद थी लेकिन वे 24 रन बनाकर जडेजा की गेंद पर कवर्स पर विराट को कैच थमा बैठे। हेटमायर 9 रन बनाकर जडेजा की गेंद पर एलबीडब्ल्यू हुए। अंपायर ने उन्हें आउट नहीं दिया था लेकिन जडेजा ने रिव्यू लिया और फैसला उनके पक्ष में रहा। मेहमान टीम की मुश्किलें उस वक्त और बढ़ गई जब खलील की बाउंसर को पुल करने के प्रयास में रोवमैन पॉवेल (16) ने डीप स्क्वेयर लेग पर धवन को कैच थमाया। 57 रनों पर इंडीज की आधी टीम पैवेलियन में पहुंच गई। एलन 4 रन बनाकर बुमराह की गेंद पर लांग लेग पर जाधव द्वारा लपके गए।

अब उम्मीदें कप्तान होल्डर पर टिक गई थी लेकिन वे 25 रन बनाकर खलील की गेंद पर मिडऑफ पर जाधव के हाथों लपके गए। जडेजा ने 34 रनों पर 4 विकेट लिए।

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम

Leave a Reply