भाजपा में घमासान : सांसद रविकिशन ने खोला सीधा मोर्चा, कहा- इस्तीफा दें या माफी मांगेंं विधायक राधामोहन
गोरखपुर । नगर विधायक डाॅ. राधा मोहन दास अग्रवाल द्वारा सरकार के लिए जातिसूचक शब्दों के प्रयोग वाले एक आडियो के वायरल होने से सहायक अभियंता को लेकर चल रहे राजनीतिक विवाद में एक नया मोड़ आ गया है।
वीडियो को लेकर सदर सांसद ने मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने नगर विधायक से कहा है कि या तो वह इसके लिए मुख्यमंत्री से मांफी मांगे या फिर त्यागपत्र देकर भाजपा छोड़ दें।
सांसद ने नगर विधायक की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाया है। उन्होंने कहा है कि जो विधायक बीते 18 वर्ष में अपने घर के सामने की सड़क का जल-जमाव नहीं समाप्त कर सके, उनसे शहर के विकास की उम्मीद कैसे की जा सकती है।
सांसद ने कहा कि जिस मुख्यमंत्री ने पूरे प्रदेश में विकास का मार्ग खोल दिया है, जिसकी प्रशंसा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी करते हैं, उसे सर्टिफिकेट देने वाले नगर विधायक कौन होते हैं।
यह उनकी नकात्मक सोच का परिणाम है। भाजपा में रहकर जातिवाद की बात करना पार्टी की रीति-नीति के खिलाफ है।
अगर नगर विधायक की यही सोच है तो उन्हें तत्काल प्रभाव से पार्टी छोड़ देनी चाहिए। कोरोना काल में खुद द्वारा जरूरतमंदों को की गई मदद करने की चर्चा करते सांसद ने कहा कि विधायक बताएं कि वह उस दौरान किसकी मदद के लिए सामने आए।
सांसद ने नगर विधायक की ओर से फेसबुक पर की जा रही लगातार टिप्पणियों पर भी सवाल उठाया। कहा कि उनका यह कृत्य पार्टी लाइन के विपरीत है।

