बड़ी खबर: रिया को सीबीआई ने पूछताछ के लिए बुलाया, भाई शोविक के साथ पहुंचीं
सुशांत केस में सीबीआई जांच का 8वां दिन:भाई शोविक के साथ रिया डीआरडीओ गेस्टहाउस पहुंची, सुशांत के दोस्त पिठानी और सैमुअल मिरांडा वहां मौजूद; आमने-सामने बैठाकर हो सकती है पूछताछ।
- गुरुवार को सीबीआई ने अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती के भाई शौविक चक्रवर्ती, सुशांत के दोस्त सिद्धार्थ पिठानी, कुक नीरज सिंह और केशव से 14 घंटे तक पूछताछ की
- रिया का गुरुवार को एक इंटरव्यू सामने आया, जिसमें उन्होंने अपने उपर लगे आरोपों की सफाई दी है, साथ ही सुशांत के परिवार पर भी कई आरोप लगाए
अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत मामले में आज सीबीआई जांच का 8वां दिन है। जांच एजेंसी ने अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती को समन भेजा है और उन्हें पूछताछ के लिए बुलाया है। डीआरडीओ गेस्ट में आज सुशांत के दोस्त सिद्धार्थ पिठानी और हाउस मैनेजर सैमुअल मिरांडा भी मौजूद हैं।
कल रिया के पिता से 6 घंटे पूछताछ हुई थी
इसके अलावा रिया के पिता इंद्रजीत चक्रवर्ती से भी सीबीआई टीम पूछताछ कर सकती है। गुरुवार को ईडी ने उनसे 6 घंटे तक पूछताछ की थी। उन्हें एक्सिस बैंक की एक ब्रांच में ले जाकर सवाल-जवाब किए। इस दौरान उनके लॉकर को भी खंगाला गया। इस बीच दिल्ली से मुंबई पहुंची नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) की टीम भी आज से इस केस में ड्रग्स एंगल को लेकर अपनी जांच शुरू करेगी।
सीबीआई ने गुरुवार को अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती के भाई शोविक चक्रवर्ती, सुशांत के दोस्त सिद्धार्थ पिठानी, कुक नीरज सिंह और केशव से 14 घंटे तक पूछताछ की। यह पूछताछ मुंबई स्थित डीआरडीओ के गेस्टहाउस में हुई। पिठानी से लगातार सातवें दिन जांच एजेंसी ने पूछताछ की।
एम्स आज सौंप सकता है सुशांत के पोस्टमॉर्टम की फोरेंसिक रिपोर्ट
सुशांत की पोस्टमॉर्टम और विसरा रिपोर्ट की फोरेंसिक पड़ताल कर रहा ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस (एम्स) आज अपनी रिपोर्ट सीबीआई को सौंप सकता है। यह भी कहा जा रहा है कि एम्स की एक टीम सोमवार को मुंबई जा सकती है। टीम पोस्टमॉर्टम करने वाले डॉक्टरों से मुलाकात करेगी। गुरुवार को एम्स में फोरेंसिंक जांच टीम के हेड डॉक्टर सुधीर गुप्ता ने कहा था कि सुशांत की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में बहुत सारी चीजें अधूरी हैं। अब हत्या के एंगल से जांच होनी चाहिए। सुशांत के शव का पोस्टमॉर्टम मुंबई के कूपर अस्पताल में हुआ था।
20 लोगों से पूछताछ करेगी एनसीबी की टीम
एनसीबी टीम ने ड्रग्स सप्लाई मामले में 20 संदिग्ध लोगों की सूची तैयार की है, जिनमें चक्रवर्ती परिवार के अलावा गोवा के बिजनेसमैन गौरव आर्य, स्वेद लोहिया, क्वान एंटरटेनमेंट की पार्टनर जया साहा, पूर्व बिग बॉस प्रतियोगी एजाज खान, फारूख बटाटा और बकुल चंदानी सहित अन्य लोग के नाम शामिल हैं। एनसीबी इन सभी लोगों से पूछताछ करेगी।

ड्रग्स एंगल में किसकी क्या भूमिका?
सूत्रों ने बताया कि गौरव आर्य, अक्षित शेट्टी के साथ फरार है। उन्होंने यह भी कहा कि 16 अगस्त को गोवा में एक रेव पार्टी पर छापा मारा गया था, जिसमें आर्य ड्रग्स की सप्लाई करने में शामिल था। एनसीबी के सूत्रों के अनुसार, एजाज खान को नवी मुंबई पुलिस ने अक्टूबर, 2018 में ड्रग्स के मामले में गिरफ्तार किया था, जबकि मुंबई के खार में सर्वोदय वीडियो लाइब्रेरी के मालिक बकुल चंदानी को दिसंबर 2018 में मुंबई पुलिस के एंटी नारकोटिक्स सेल ने कोकीन और एलएसडी के साथ गिरफ्तार किया था।

